हॉकी एशिया कप: भारत आएंगी पाकिस्तान की हॉकी टीमें! ऑपरेशन सिंदूर के बाद बड़ा फैसला, गृह और विदेश मंत्रालय से मिली मंजूरी
Published:
2 min read

पाकिस्तान की हॉकी टीम। (Getty)
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। केंद्रीय गृह और विदेश मंत्रालय ने हॉकी एशिया कप और जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीमों को भारत आने की मंजूरी दे दी है। यह दोनों ही टूर्नामेंट इसी साल भारत की मेजबानी में खेले जाने हैं। इंडिया टुडे ने यह रिपोर्ट भारतीय खेल मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से छापी है। इसके मुताबिक, दोनों टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान की दो टीमें भारत आ सकती हैं।
एशिया कप अगले महीने बिहार के राजगीर में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 27 अगस्त से 7 सितंबर तक होगा। जबकि जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप इसी साल 28 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट चेन्नई और मदुरै में होगा।
पाकिस्तान को रोकना नियमों का उल्लंघन होगा
भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते कई सालों से किसी भी खेल में द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जा रही है। 2012 के बाद से क्रिकेट में भी कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। हालांकि भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें सिर्फ ICC टूर्नामेंट या एशिया कप में ही आमने-सामने आती हैं।
खेल मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, ‘जब भी भारत में कोई भी मल्टीनेशनल टूर्नामेंट होता है, तो हम किसी भी टीम के उसमें खेलने के खिलाफ नहीं हैं। यदि हम पाकिस्तान को रोकने की कोशिश करते हैं, तो यह ओलंपिक चार्टर (नियम) का उल्लंघन होगा। मगर द्विपक्षीय मैच या सीरीज अलग बात है। इस मामले में कोई भी छूट नहीं दी जाएगी।’
क्रिकेट में भी सितंबर में होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला
क्रिकेट में भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला सितंबर में देखने को मिल सकता है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में एशिया कप 2025 का शेड्यूल सामने आया है। इसमें दावा किया गया है कि भारत-पाकिस्तान के बीच मैच 7 सितंबर को हो सकता है। फिलहाल, एशिया कप का मेजबान भारत ही है। मगर टूर्नामेंट UAE में शिफ्ट हो सकता है।
हालांकि अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की ओर से शेड्यूल को लेकर कोई बयान नहीं आया है। एशिया कप 2025 का आगाज 5 सितंबर को हो सकता है। जबकि फाइनल 21 सितंबर को खेला जाना है। इसमें 6 टीमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और UAE हिस्सा लेंगी। इन सभी को दो ग्रुप में बांटा जाएगा।

