मोहसिन नकवी गंवार: शोएब अख्तर ने कहा- जिसको क्रिकेट नहीं पता, उसको PCB चीफ बना दिया
Published:
3 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम ने सुपर-8 में एंट्री कर ली है। दोनों टीम के बीच यह मुकाबला रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। यह मैच इंडिया ने 61 रन से जीत लिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बवाल है। मैच से पहले काफी चर्चा और माहौल बना हुआ था, लेकिन मैदान पर सिर्फ भारत का दबदबा दिखा। शोएब अख्तर ने हार के बाद खुलकर नाराजगी जताई और टीम के बड़े खिलाड़ियों के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भी कठघरे में खड़ा कर दिया।
पाकिस्तान के खिलाफ 8-1
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने 77 रन की तेज पारी खेली।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान को 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट कर दिया। इस जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड। अब वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड 8-1 हो चुका है।
नकवी को क्रिकेट आती है क्या
हार के बाद शोएब अख्तर ने PCB चीफ मोहसिन नकवी पर सीधा हमला बोला। कहा- जिस शख्स को क्रिकेट की समझ नहीं है, उसे बोर्ड का चेयरमैन बना दिया गया है। अगर किसी जाहिल (अनपढ़ या गंवार) को बड़ी जिम्मेदारी दी जाए तो टीम का हाल यही होगा। अब क्रिकेट से ज्यादा टीआरपी (टीवी रेटिंग) पर ध्यान दिया जा रहा है। भारत बहुत आगे निकल चुका है।
बाबर की कोहली से तुलना पर सवाल
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर इस टूर्नामेंट में लगातार संघर्ष कर रहे हैं। भारत के खिलाफ भी वे सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। जब टीम पहले ही मुश्किल में थी, तब उन्होंने गलत शॉट खेल दिया।कुछ साल पहले बाबर की तुलना विराट कोहली से होती थी। क्रिकेट एक्पार्ट मान रहे हैं कि दोनों की तुलना करना सही नहीं है। कोहली बड़े मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे, जबकि बाबर अहम मुकाबलों में फेल हो रहे हैं।

शाहीन-शादाब भी नहीं चले
शाहीन ने सिर्फ दो ओवर में 31 रन दे दिए। शादाब खान गेंद और बल्ले दोनों से फ्लॉप रहे। उन्होंने एक ओवर में 17 रन दिए और बल्लेबाजी में 15 गेंद पर सिर्फ 14 रन बनाए।इसके बाद पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने X पर लिखा- बाबर, शाहीन और शादाब का समय खत्म हो चुका है। टीम में नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए।
अब नामीबिया के खिलाफ करो या मरो
अब पाकिस्तान के लिए नामीबिया के खिलाफ मैच बेहद अहम है। अगर टीम हारती है तो टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। अगर पाकिस्तान और अमेरिका के अंक बराबर हो जाते हैं तो खराब नेट रन रेट के कारण पाकिस्तान बाहर हो सकता है।

