सिर्फ बाबर पर सवाल क्यों, 14 प्लेयर और भी तो हैं: मीडिया के एक ही प्लेयर को तवज्जो देने से पाकिस्तान के कप्तान बौखलाए
Published:
2 min read

सलमान आगा ने कहा - टीम में 14 और खिलाड़ी हैं। हर बार बाबर आजम पर सवाल मत उठाओ। दूसरे खिलाड़ियों के बारे में भी बात की जा सकती है। फोटो सोर्स @ICC
स्पोर्ट्स डेस्क. मेरी सिर्फ एक इच्छा है कि किसी दिन मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस में आऊं और बाबर आजम को लेकर कोई सवाल न पूछा जाए…ये बात पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने उस वक्त कही, जब मीडिया ने बाबर और उनकी खराब फॉर्म पर लगातार कप्तान से सवाल किए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I सीरीज से पहले हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगा का सब्र भी आखिरकार जवाब दे गया।
बाबर को छोड़ दो
सलमान ने कहा - टीम में 14 और खिलाड़ी हैं। हर बार बाबर आजम पर सवाल मत उठाओ। बाबर को अकेला छोड़ दो। दूसरे खिलाड़ियों के बारे में भी बात की जा सकती है।
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा - बिग बैश लीग में बाबर के परफॉर्मेंस से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारे लिए यह जरूरी है कि वह पाकिस्तान के लिए कैसा परफॉर्म करता है। फ्रेंचाइजी क्रिकेट में क्या होता है। इससे कोई लेना देना नहीं।
कप्तान कितना भी इन सवालों से बच जाए, लेकिन बाबर की मौजूदा फॉर्म किसी से छिपी नहीं है। अगर टी20 वर्ल्ड कप से पहले बाबर आजम की बैटिंग में सुधार नहीं होता है तो यह पाकिस्तान के लिए समस्या होगी। कप्तान शायद मुश्किल सवालों का सामना करने से बचना चाहेंगे। अब मैदान पर अच्छा परफॉर्म करना जरूरी है।
यहां बाबर का बैट बिल्कुल खामोश नजर आया। BBL में उन्होंने कुल 8 मुकाबले खेले। उनके बैट से (14+2+58*+2+58+9+2+9) 154 रन निकले हैं। वो सिर्फ 3 बार डबल डिजिट छू पाए। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट तक कह चुके हैं कि बाबर मैदान पर सिर्फ अपने लिए खेलते हैं।

