3 साल में पाकिस्तान के 4 यूटर्न: पांचवीं बार भी पलटी मारी, ICC के लिए PCB अब लॉफ्टर शो; हिस्ट्री के जरिए खुद ही जान लीजिए
Published:
3 min read

पाकिस्तान की टीम कोलंबो जाएगी और वहां भारत के खिलाफ 15 फरवरी को मैच भी खेलेगी।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) फिर वही घिसा-पिटा राग गा रहा है। धमकी, बायकॉट, सख्त बयान और फिर वक्त आने पर यू-टर्न।तीन साल में PCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट को लेकर इतने फैसले बदले हैं कि अब उसकी वॉर्निंग ‘लॉफ्टर शो’ से ज्यादा कुछ नजर नहीं आती।भारत के खिलाफ न खेलने की धमकी, हाइब्रिड मॉडल, वर्ल्ड कप बायकॉट, एशिया कप बायकॉट, चैंपियन्स ट्रॉफी बायकॉट और न जाने क्या…क्या। हर बड़े टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तान का एक ही राग गूंजता है- हम नहीं खेलेंगे।
बहरहाल, सवाल ये है कि ICC और बाकी क्रिकेट बोर्ड अब इन धमकियों को गंभीरता से क्यों नहीं लेते। चलिए कुछ बानगियों से समझने की कोशिश करते हैं…
जीरो वैल्यू और जुबानी जमाखर्च
PCB कुछ साल से क्रिकेट कम और ड्रामा ज्यादा कर रहा है। हर बड़े ICC या ACC टूर्नामेंट से पहले PCB के ऐसे बयान आते हैं, मानो दुनिया की क्रिकेट उन्हीं के कंधों पर टिकी है। फिर जैसे ही टूर्नामेंट आता है, PCB चुपचाप बैकफुट पर चला जाता है। यही वजह है कि अब इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान की धमकियों की वैल्यू जीरो हो चुकी है। ICC और बाकी तमाम क्रिकेट बोर्ड समझ चुके हैं कि पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ कोरी धमकियां यानी जुबानी जमाखर्च किया जाता है।
![]()
यहां से शुरू करें…
सबसे पहला बड़ा तमाशा एशिया कप 2023 में सामने आया। PCB ने हाइब्रिड मॉडल को सिरे से खारिज कर दिया। कहा- अगर पाकिस्तान होस्ट है तो पूरा टूर्नामेंट भी यहीं होगा…और नतीजा क्या हुआ? टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल पर ही हुआ और पाकिस्तान ने हिस्सा भी लिया। टीम इंडिया ने पाकिस्तान जाकर कोई मैच नहीं खेला। यह हालिया दौर में पहली पलटी थी।

वनडे वर्ल्ड कप 2023
इसके बाद आया वनडे वर्ल्ड कप 2023। इसकी मेजबानी भारत के पास थी। PCB ने सुरक्षा और बराबरी का हवाला देकर भारत आने से इनकार कर दिया। माहौल ऐसा बनाया गया, जैसे पाकिस्तान टीम का भारत आना नामुमकिन है। लेकिन ICC के शेड्यूल और दबाव के आगे PCB की सारी सख्ती हवा हो गई। पाकिस्तान टीम भारत आई। यहां मैच खेले और टूर्नामेंट भी पूरा किया। मतलब कोरी बातें और बोगस धमकियां।

चैंपियन्स ट्रॉफी 2025
तीसरा ड्रामा था चैंपियंस ट्रॉफी 2025। इसकी मेजबानी पाकिस्तान के पास थी। PCB ने पहले ही ऐलान कर दिया कि हाइब्रिड मॉडल किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कहा- अगर हम होस्ट हैं तो सारे मैच पाकिस्तान में ही होंगे। ये बयान भी खूब सुर्खियों में रहे। लेकिन ICC के पुराने अनुभव को देखते हुए, इस बार भी किसी ने चेतावनी को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। सबको पता था कि वक्त आने पर PCB पलटी मारेगा। नतीजा फिर वही रहा।

एशिया कप 2025
चौथा मामला एशिया कप के बाॅयकाट की धमकी का रहा। PCB ने ICC के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट (जो ACC के इवेंट ऑफिशियल भी थे) के फैसलों को गलत बताते हुए कहा कि वो भारत का पक्ष लेते हैं। उन्हें फौरन हटाया जाए। PCB ने यहां तक कह दिया कि अगर पाइक्राफ्ट को नहीं हटाया गया तो वो एशिया कप से टीम वापस बुला लेगा। हालांकि, क्रिकेट वर्ल्ड जानता है कि ऐसे बयान सिर्फ दबाव बनाने के लिए होते हैं, फैसले नहीं होते।

और अब क्या
2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी यही रवैया जारी है। भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे, बांग्लादेश का साथ देंगे…और भी न जाने क्या-क्या। मंगलवार (10 फरवरी 2026) तक तस्वीर बिल्कुल साफ हो चुकी है। पाकिस्तान की टीम कोलंबो जाएगी और वहां भारत के खिलाफ 15 फरवरी को मैच भी खेलेगी। यानी धमकियां, वॉर्निंग्स और न जाने क्या-क्या? सब टांय-टांय फुस्स…..।


