T20 WC खेलेगा पाकिस्तान, लेकिन भारत के खिलाफ नहीं: क्या हार के डर से भाग रहा पाकिस्तान, आंकड़े तो यही कह रहे
Published: Updated:
4 min read

टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीम के बीच 8 मैच हुए। इसमें इंडिया ने 6 जीते और सिर्फ एक में पाकिस्तान को जीत नसीब हुई। एक मैच टाई रहा था।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की मंजूरी दे दी है। हालांकि उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ होने वाले मैच का बायकॉट किया है। यानी पाकिस्तान टीम अब भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना था।
पाकिस्तान सरकार ने यह जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने X पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा- सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप में खेलने की मंजूरी देती है। हालांकि पाकिस्तान टीम 15 फरवरी को इंडिया के खिलाफ होने वाले मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।

हार के डर से भाग रहा पाकिस्तान
पाकिस्तानी के इस फैसले से लग रहा है कि वो वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के खिलाफ खेलने से डर रहा है। यह बात हम नहीं बल्कि आंकड़े खुद कह रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीम के बीच 8 मैच हुए। इसमें इंडिया ने 6 जीते और सिर्फ एक में पाकिस्तान को जीत नसीब हुई। एक मैच टाई रहा था।
वर्ल्ड कप कोई भी हो, उसमें भारत के खिलाफ पाकिस्तान का हाल बुरा ही नजर आता है। टी20 में तो एक मैच जीत लिया, लेकिन वनडे वर्ल्ड कप में तो इंडिया के खिलाफ पाकिस्तान को अब तक जीत नसीब नहीं हुई। दोनों टीम के बीच वर्ल्ड कप में 8 वनडे हुए और सभी इंडिया ने जीते। शायद इसी डर ने पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में इंडिया के खिलाफ मैच से भागने पर मजबूर किया है।
पाकिस्तान का बांग्लादेश को सपोर्ट
हालांकि पाकिस्तान अपने इस फैसले को बांग्लादेश का सपोर्ट बता रहा है। जियो न्यूज के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश का सपोर्ट करते हुए यह फैसला लिया है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था।
ऐसे में ICC ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया। उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के सपोर्ट में ICC की मीटिंग में वोट भी किया था।
टी20 वर्ल्ड कप में हेड-टू-हेड
मैच: 8
इंडिया जीती: 6
पाकिस्तान जीती: 1
टाई: 1
वनडे वर्ल्ड कप में हेड-टू-हेड
मैच: 8
इंडिया जीती: 8
पाकिस्तान जीती: 0
इंडिया-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं
टी20 वर्ल्ड कप 2026 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। ICC ने जो शेड्यूल जारी किया था, उसके मुताबिक, इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कोलंबो में 15 फरवरी को होना था।
वर्ल्ड कप में भारतीय टीम और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप-ए में रखा गया है। उनके अलावा इस ग्रुप में अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया की टीमें भी हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए दोनों टीमें
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारीक।

