पाकिस्तान ने दूसरा टी20 भी जीता: ऑस्ट्रेलिया को 90 रन से हराया, सीरीज पर 2-0 से कब्जा; सलमान प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान टीम ने शानदार खेल दिखाया है। उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टी20 की घरेलू सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। इस तरह सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया है। दूसरा मैच शनिवार (31 जनवरी) को लाहौर में खेला गया, जिसे पाकिस्तान ने 90 रन से जीत लिया।
इस दूसरे मुकाबले में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सलमान ने 40 बॉल पर 76 रन की पारी खेली। पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 साल बाद कोई टी20 सीरीज जीती है। इससे पहले 2018 में हराया था।
उस्मान ने भी फिफ्टी लगाई
दूसरे मैच में पाकिस्तान टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। इसके बाद 5 विकेट पर 198 रन बनाए। सलमान के अलावा विकेटकीपर उस्मान खान ने 36 बॉल पर 53 रन की पारी खेली। शादाब खान ने 28 और सईम अयूब ने 23 रन बनाए।
बाबर आजम एक बार फिर फ्लॉप नजर आए। उन्होंने 5 बॉल पर सिर्फ 2 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए जेवियर बार्टलेट, मैथ्यू कुह्नमैन, कूपर कोनोली, सीन एबॉट और एडम जैम्पा ने 1-1 विकेट लिया।
अबरार और शादाब ने 3-3 विकेट लिए
199 रन के टारगेट के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने 29 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम संभल नहीं सकी और लगातार विकेट जाते रहे। आखिर में यह टीम 108 रन पर सिमट गई।
कैमरन ग्रीन ने 20 बॉल पर 35 रन बनाए। मैथ्यू शॉर्ट 27 रन ही बना सके। इनके अलावा कोई भी प्लेयर 20 का आंकड़ा नहीं छू सका। पाकिस्तान के लिए स्पिनर अबरार अहमद और शादाब खान ने 3-3 विकेट लिए। उस्मान तारिक को 2 विकेट मिले।

