PSL में राहुल द्रविड़ का जिक्र: पाकिस्तानी खिलाड़ी ने जीत का क्रेडिट दिया, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
Published:
2 min read

हैदराबाद किंग्समैन PSL 2026 के फाइनल में पहुंच गई है, जहां उनका मुकाबला 3 मई को पेशावर जाल्मी से होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. PSL 2026 का दूसरा एलिमिनेटर मुकाबला काफी जबरदस्त रहा। हैदराबाद किंग्समैन ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में इस्लामाबाद यूनाइटेड को 2 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ किंग्समैन ने फाइनल में जगह बना ली। लेकिन इस जीत से ज्यादा सुर्खियां टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद अली के राहुल द्रविड़ पर दिए गए बयान को मिल रही है।
दरअसल, मोहम्मद अली ने इस मुकाबले में मिली जीत के बाद राहुल द्रविड़ का जिक्र कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल कहते हैं कि जो मेहनत करता है, किस्मत उन्हीं का साथ देती है। हमारे साथ यही हुआ
पाकिस्तान के खिलाड़ी द्वारा इस तरह राहुल द्रविड़ के बारे में कही गई यह बात अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
मोहम्मद अली क्या-क्या बोले?
मैच के बाद मोहम्मद अली ने कहा कि उनका एक ओवर खराब गया था और वो थोड़ा निराश थे। लेकिन उन्हें अपने साथी गेंदबाज हुनैन शाह पर पूरा भरोसा था। हुनैन ने जिस तरह आखिरी ओवर डाला, वो कमाल था। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले एक मैच में हुनैन 14 रन बचाने में सफल नहीं हो पाए थे, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी गलती से सीख ली। यहीं पर अली ने द्रविड़ का जिक्र करते हुए उनकी मेहनत और किस्मत के साथ वाली लाइन कही।

इस्लामाबाद 2 रन से हार गई
हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 186 रन बनाए। टीम की तरफ से उस्मान खान ने सिर्फ 30 गेंदों में 61 की पारी खेली। कप्तान मार्नस लाबुशेन ने 39 और साइम अयूब ने 38 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
इसके जवाब में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने भी टारगेट का बखूबी पीछा किया। मार्क चैपमैन (43) और हैदर अली (31) की पारियों ने मुकाबले को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया। हालांकि टीम 2 रन से जीत चूंक गई। किंग्समेन की जीत में गेंदबाजों का बड़ा रोल रहा। मोहम्मद अली और हुनैन शाह ने 2-2 विकेट लिए।

