रबाडा की बॉल पर सीफर्ट बोल्ड: 2 बेल्स में से 1 उड़कर बाउंड्री लाइन से जा टकराई; Video वायरल
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में एंट्री कर ली है। बुधवार (4 मार्च) को हुए पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 12.5 ओवर में 9 विकेट से हराया। अफ्रीका टीम भले ही यह मैच हार गई हो, लेकिन उनके फास्ट बॉलर कगिसो रबाडा की एक बॉल ने फैन्स का दिल जीत लिया।
रबाडा ने पारी के 10वें ओवर की पहली बॉल पर न्यूजीलैंड के ओपनर टिम सीफर्ट को क्लीन बोल्ड किया था। इस बॉल की रफ्तार 140.3 kph थी। बॉल स्टम्प पर इतनी तेज हिट हुई कि बेल्स बाउंड्री तक जा पहुंची।
न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से सेमीफाइनल जीता
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि साउथ अफ्रीका को यह विकेट कोई काम नहीं आया। न्यूजीलैंड ने बेहद आसानी से यह मैच जीत लिया। इस सेमीफाइनल में अफ्रीकी टीम ने 170 रन का टारगेट दिया था। न्यूजीलैंड ने 1 विकेट गंवाकर 12.5 ओवर में ही चेज कर लिया।
टीम ने 173 का स्कोर बनाया। फिन एलेन ने 33 बॉल पर 100 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान 8 छक्के और 10 चौके लगाए। टिम सीफर्ट ने 33 बॉल पर 58 रन बनाए। रचिन रवींद्र 11 बॉल पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। साउथ अफ्रीका के लिए एकमात्र विकेट रबाडा ने ही लिया।

अफ्रीकी टीम का वनडे और टी20 वर्ल्ड कप में 9वां सेमीफाइनल था, जिसमें से 8 बार उसे हार मिली है। टीम ने वनडे वर्ल्ड कप में 5 सेमी खेले, जिसमें से एक भी नहीं जीती। टी20 वर्ल्ड कप में 4 सेमीफाइनल खेले, जिसमें से एक जीता था। यह जीत 2024 में मिली थी। तब फाइनल में इंडिया से शिकस्त मिली थी।
फाइनल 8 मार्च को
इस टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम है। अब 5 मार्च को भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल होगा। इसकी विजेता टीम न्यूजीलैंड से फाइनल खेलेगी।

