IPL खेलने की मंजूरी नहीं दी तो केस किया: तुषारा श्रींलकाई बोर्ड का सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट नहीं चाहते; RCB ने 1.60 करोड़ में खरीदा था
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में खेलने की मंजूरी नहीं मिली तो नुवान तुषारा ने अपने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) पर केस कर दिया। बोर्ड ने कहा कि तेज गेंदबाज तुषारा ने फिटनेस टेस्ट पास नहीं किया, इसलिए IPL खेलने के लिए NoC नहीं दी। जबकि तुषारा का कुछ ओर ही कहना है।
इस प्लेयर ने कहा कि उनका सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट 31 मार्च को ही खत्म हो गया है। ऐसे में अब वे बाउंड नहीं हैं। उन्हें NoC मिलनी चाहिए। इसी के चलते प्लेयर ने केस किया है। अब इस मामले में सुनवाई कोलंबो डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में 9 अप्रैल को होगी।
RCB ने तुषारा को 1.60 करोड़ में खरीदा
IPL टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने तुषारा को 1.60 करोड़ रुपए में खरीदा था। फ्रेंचाइजी ने अभी तुषारा रिप्लेसमेंट नहीं लिया है। वे इंतजार कर रहे हैं। यदि तुषारा को NoC नहीं मिली तो बेंगलुरु टीम रिप्लेसमेंट देखेगी।
दरअसल, श्रीलंकाई बोर्ड के चीफ एश्ले डि’सिल्वा ने कहा कि तुषारा ने फिटनेस टेस्ट पास नहीं किया है। पांच फिटनेस टेस्ट पैरामीटर्स में प्लेयर को क्वालिफाई करने के लिए 29 में से कम से कम 17 पॉइंट्स लाने होते हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो तुषारा ऐसा नहीं कर सके और फेल हो गए। इसके चलते उन्हें NoC नहीं मिली।

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाना चाहते
दूसरी ओर तुषारा ने दावा किया है कि श्रीलंका क्रिकेट के साथ उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 31 मार्च को खत्म हो गया था। साथ ही उन्होंने बोर्ड को पहले ही बता दिया था कि वे इसे आगे नहीं बढ़ाएंगे। ऐसे में विदेशी लीग खेलने की मंजूरी मिलनी चाहिए।
31 साल के इस बॉलर ने अपनी याचिका में कहा है कि उन्हें पिछले IPL सीजन में भी खेलने की मंजूरी मिली थी। यदि इस बार NoC नहीं मिली तो बेंगलुरु टीम में उनकी जगह जा सकती है। मंजूरी नहीं मिलने से बड़ी इनकम और प्रोफेशनल क्रिकेट में मौके भी गंवाने पड़ सकते हैं।
IPL में दो टीम के लिए 8 मैच खेले
तुषारा ने 13 फरवरी 2022 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। तब से अब तक 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 36 विकेट लिए। तुषारा को टेस्ट और वनडे खेलने का मौका नहीं मिला।
इस बॉलर ने IPL में दो टीम के लिए 8 मैच खेले। इसमें 9 विकेट लिए। तुषारा ने बेंगलुरु के लिए 1 और मुंबई इंडियंस के लिए 7 मैच खेले।

