विराट मेरे दोस्त, उनकी वजह से क्रिकेट पसंद: 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन जोकोविच बोले- मुझे भारत आना है
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. सर्बियाई टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच ने भारत आने की इच्छा जाहिर की है। सबसे ज्यादा 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन जोकोविच ने कहा कि विराट कोहली उनके अच्छे दोस्त हैं। उनकी वजह से ही वे क्रिकेट को भी पसंद करते हैं। जोकोविच ने 2026 के लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स के दौरान यह बात कही।
वे इसके होस्ट भी रहे। उनके साथ फ्रीस्टाइल स्कीइंग सेंसेशन एलीन गु (Eileen Gu) भी होस्ट थीं। सेरेमनी से ठीक पहले रेड कार्पेट पर इंट्रेक्शन के दौरान जोकोविच से भारत के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने कहा कि वे भारत आना चाहते हैं। उनकी काफी इच्छा है।
मैं सच में भारत जाना चाहता हूं
जोकोविच ने टाइम्स नाउ से कहा- मेरा मैसेज है कि मुझे कुछ सालों में भारतीय टेनिस और फैन्स से जो प्यार और सपोर्ट मिला है, उसके लिए हमेशा प्यार और सम्मान रहेगा। इस दौरान में कई लोगों से मिला भी हूं। मेरा मैसेज यह भी है कि हम जल्द ही भारत में मिलेंगे, क्योंकि मुझे वहां आना भी है।
उन्होंने कहा- मुझे कुछ दिनों से महसूस हो रहा है, जैसे भारत जाने के लिए अंदर से आवाज सी आ रही है। मुझे उम्मीद है कि मैं कोई इवेंट होस्ट करने, मैच खेलने या किसी और कारण से भारत जा सकूंगा। मैं सच में भारत जाना चाहता हूं, क्योंकि में भारतीयों के बेहद करीब महसूस करता हूं।
जोकोविच सर्बिया के रहने वाले हैं। इस देश में क्रिकेट ज्यादा फेमस नहीं है। ऐसे में इस टेनिस स्टार ने बताया कि विराट कोहली की वजह से ही वे क्रिकेट को पसंद करते हैं।
कोहली-जोकोविच एकदूसरे के टच में हैं
उन्होंने कहा- हां, विराट मेरे दोस्त हैं। वो उन लोगों में से हैं, जिनका मैं सम्मान करता हूं। उनकी ही वजह से मैंने क्रिकेट देखना शुरू किया था। इससे पहले मैं क्रिकेट को फॉलो नहीं करता था। हम एकदूसरे के टच में हैं।
जोकोविच ने कहा- जब भी मैं भारत आउंगा, मैं ‘यदि’ नहीं कहना चाहता, लेकिन जब भी मैं आउंगा तो उम्मीद है कि वे मुझे जॉइन करेंगे। हम थोड़ा टेनिस और थोड़ा क्रिकेट खेल सकते हैं। साथ ही स्पोर्ट्स एंजॉय करते हुए पॉजिटिविटी लाएंगे।

इंडियन वुमन्स क्रिकेट टीम अवॉर्ड नहीं जीत सकी
लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2026 में टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज को स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर और एरिना सबालेंका को स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर का खिताब दिया गया।
लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर 2026 का अवॉर्ड फुटबॉल टीम पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) को मिला। इस अवॉर्ड के लिए इंडियन वुमन्स क्रिकेट टीम को भी नॉमिनेट किया गया था। इस टीम ने वुमन्स ODI वर्ल्ड कप 2025 जीता था।
कोहली की 85 इंटरनेशनल सेंचुरी
जोकोविच सबसे ज्यादा 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले टेनिस स्टार हैं। दूसरे नंबर पर 22 टाइटल के साथ राफेल नडाल हैं। दूसरी ओर विराट कोहली 123 टेस्ट, 311 वनडे और 125 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वे वर्ल्ड में सबसे ज्यादा 85 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने वाले दूसरे प्लेयर हैं। सचिन तेंदुलकर 100 सेंचुरी के साथ टॉप पर हैं।

