सूर्या ने सलमान से नहीं मिलाया हाथ: अब तक 7 मौकों पर दो-दो हाथ तो हुए, एक-एक हाथ नहीं मिला
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ। यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जिसे इंडिया ने 61 रन से जीत लिया। इस मैच में देखने वाली बात यह रही कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। यह 7वां मौका रहा, जब भारतीय टीमों का पाकिस्तान से मुकाबला तो हुआ, लेकिन कप्तानों के बीच हाथ नहीं मिलाया गया।
आखिर ऐसा क्यों…
दरअसल, ये सवाल मौजू ही इसलिए है, क्योंकि सितंबर 2025 के बाद से किसी भी खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हैंडशेक नहीं किया। इसकी शुरुआत सीनियर भारतीय क्रिकेट टीम से हुई थी। इसके बाद से क्रिकेट में इंडिया-पाकिस्तान की अलग-अलग टीमें 6 बार आमने-सामने हुईं। हर बार यानी 7 बार हैंडशेक नहीं हुआ।
पहलगाम आतंकी हमले और इसके जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी भी खेल में भारतीय और पाकिस्तानी प्लेयर्स के हाथ नहीं मिले।
सीनियर मेन्स एशिया कप, वुमन्स ODI वर्ल्ड कप और राइजिंग स्टार्स एशिया कप T20…इसके उदाहरण हैं। तो चलिए…यहां जानते हैं कि कब-कब दोनों टीम के बीच हैंडशेक नहीं हुआ…
T-20 वर्ल्ड कप 2026: यानी 15 फरवरी 2026
भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेले जा रहे मैच में भी कप्तान सूर्या ने पाकिस्तान टीम के कैप्टन सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
एशिया कप : सितंबर 2025
इस दौरान मेन्स एशिया कप खेला गया था। टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल समेत 3 मैच हुए। सभी में टॉस के दौरान और मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हैंडशेक नहीं किया।
खास बात यह भी रही कि भारतीय टीम ने एशिया कप ट्रॉफी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से भी नहीं ली। इसकी वजह थी कि नकवी भी पाकिस्तानी हैं। वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी चीफ और पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं।
वुमन्स ODI वर्ल्ड कप: 5 अक्टूबर 2025
ICC वुमन्स ODI वर्ल्ड कप के लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान को 88 रन से हराया था। यह मैच 5 अक्टूबर 2025 को कोलंबो में हुआ था। टॉस के दौरान और जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया।
ब्लाइंड वुमन्स T20 वर्ल्ड कप : नवंबर 2025
नवंबर 2025 में श्रीलंका में ब्लाइंड वुमन्स T20 वर्ल्ड कप हुआ था। इसमें भी इंडिया-पाकिस्तान के बीच एक मैच हुआ, जिसमें भारतीय प्लेयर्स ने पाकिस्तानी काउंटर पार्ट्स से हाथ नहीं मिलाए। इस टूर्नामेंट में भारत ने नेपाल को हराकर पहला ब्लाइंड महिला T20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था।
एशिया कप राइजिंग: नवंबर 2025
नवंबर 2025 में एशिया कप राइजिंग सुपर स्टार्स 2025 में इंडिया-ए टीम के कप्तान जितेश शर्मा ने पाकिस्तान-ए टीम के कप्तान इरफान खान से हाथ नहीं मिलाया था। यह मैच पाकिस्तान ने 8 विकेट से जीत लिया था।
अंडर-19 एशिया कप: दिसंबर 2025
U19 एशिया कप 2025 में इंडिया और पाकिस्तान के बीच फाइनल समेत 2 मैच हुए थे। इन दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम और कप्तान आयुष म्हात्रे ने पाकिस्तानी कप्तान या टीम से हाथ नहीं मिलाया था।
U19 वर्ल्ड कप : फरवरी 2026
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने इसी महीने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट में 1 फरवरी को हुए मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 58 रन से शिकस्त दी थी। इस मैच में भी आयुष ने पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ से हाथ नहीं मिलाया था। जीत के बाद भी दोनों टीम के युवाओं ने हैंडशेक नहीं किया।

