MI ने भी वनवास काटा: 14 साल बाद सीजन ओपनर जीतने के बाद नीता अंबानी खुश, कहा- राम जी ने भी 14 साल वनवास में बिताए थे
Published:
2 min read

मुंबई इंडियंस (MI) ने इस IPL सीजन के अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हराया। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हराया। इसी के साथ मुंबई ने 14 साल बाद टूर्नामेंट में अपना पहला मैच जीता। इससे पहले 2012 में जीत हासिल की थी। इस जीत से टीम की ऑनर नीता अंबानी बेहद खुश नजर आईं।
नीता ने कहा कि भगवान राम जी ने भी 14 साल वनवास में बिताए थे। यह हमारी टीम का वनवास था। नीता ने यह बयान टीम के ड्रेसिंग रूम में दिया। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
यह MI का 14 साल का वनवास था
उन्होंने कहा- इस शानदार जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई हो। मेरे लिए भी यह थोड़ी पर्सनल है, क्योंकि पिछली बार जब हम जीते थे, तब रोहित MI टीम के कैप्टन नहीं थे। हार्दिक ने MI के लिए डेब्यू नहीं किया था। बुमराह ने भी अपनी टीम के लिए डेब्यू नहीं किया था।
ऐसे में यह जीत हमारे लिए बेहद खास भी है। जब 2012 मेंं हम अपना पहला मैच जीते थे, तब हरभजन सिंह हमारे कप्तान थे। ऐसे में यह हमारे लिए काफी लंबा इंतजार रहा। जैसे भगवान राम का वनवास था 14 साल का। यह मुंबई इंडियंस का 14 साल का वनवास था। हम जीतकर आए हैं।
221 का टारगेट 19.1 ओवर में चेज
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए KKR ने 220 रन बनाए। अजिंक्य रहाणे ने 67 रन बनाए। अंगकृष रघुवंशी ने 51 रन की इनिंग खेली। फिन एलन ने 37 रन बनाए। रिंकू सिंह 33 रन पर नाबाद रहे।
जवाब में मुंबई ने 19.1 ओवर में 221 रन के टारगेट को पूरा कर लिया। IPL हिस्ट्री में यह MI का सबसे सफल रन चेज है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 148 रन जोड़े। रोहित ने 38 बॉल में 78 रन बनाए। सिर्फ 23 बॉल में फिफ्टी पूरी की। यह IPL में उनका सबसे तेज अर्धशतक था।
रिकेल्टन ने 43 बॉल में 81 रन की इनिंग खेली। हार्दिक पंड्या ने 11 बॉल में 18 रन बनाए। KKR के लिए वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने 1-1 विकेट लिया।

