जैवलिन थ्रो: नीरज चोपड़ा ने 5 दिन में किया कमाल, लगातार जीते 2 बड़े टूर्नामेंट, इतनी दूर फेंका भाला
Published: Updated:
2 min read

दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा। (PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क। दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा इस समय शानदार फॉर्म में हैं। स्टार जैवलिन थ्रोअर (भाला फेंक एथलीट) नीरज ने इस सीजन में अपना तीसरा और लगातार दूसरा खिताब जीता है। उन्होंने 5 दिन में 2 टूर्नामेंट अपने नाम किए।
नीरज ने मंगलवार (24 जून) को ही चेक रिपब्लिक में हुआ ओस्त्रावा गोल्डन स्पाइक इवेंट जीता है। नीरज ने 85.29 मीटर लंबा बेस्ट थ्रो किया और पहले स्थान पर रहे। दूसरे नंबर पर रहे साउथ अफ्रीका के डाउ स्मिथ ने 84.12 मीटर थ्रो किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स तीसरे नंबर पर रहे, जिन्होंने 83.63 मीटर दूर भाला फेंका।
तीसरी बार के थ्रो में नीरज ने जीता खिताब
इससे ठीक 5 दिन पहले ही 20 जून को नीरज ने पेरिस डायमंड लीग जीती थी। इस दौरान उन्होंने 88.16 मीटर थ्रो किया था। नीरज इस समय वर्ल्ड एथलेटिक्स के कॉन्टिनेंटल टूर पर है, जिसमें कुल 9 एथलीट शामिल हैं।
ओस्त्रावा गोल्डन स्पाइक इवेंट में नीरज ने फाइल से शुरुआत की थी। फिर उन्होंने 83.45 मीटर दूर थ्रो किया और दूसरे नंबर पर पहुंचे। मगर नीरज ने तीसरी बार में 85.29 मीटर दूर भाला फेंककर टॉप पोजिशन हासिल की। इसी थ्रो ने उन्हें विनर बनाया। फिर नीरज ने अगले दो थ्रो 82.17 मीटर औऱ 81.01 मीटर के किए। आखिरी एक बार फिर फाउल रहा।
Happy Olympic Day! 🇮🇳
— Neeraj Chopra (@Neeraj_chopra1) June 23, 2025
Together, #LetsMove and build a happier, healthier future. 💪 pic.twitter.com/q7935ObXoF
90 मीटर का थ्रो करके भी नहीं जीत सके थे नीरज
इसी सीजन में नीरज ने 90 मीटर का थ्रो भी किया। ओलंपिक के इस गोल्ड मेडलिस्ट ने सीजन की शुरुआत साउथ अफ्रीका में हुए पोचेफ्ट्रूम टूर्नामेंट से किया था। यहां उन्होंने 84.52 मीटर दूर भाला फेंककर खिताब जीता था। इसके बाद नीरज ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर थ्रो किया।
हालांकि इस टूर्नामेंट में नीरज दूसरे नंबर पर ही रहे। इस बार जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.06 मीटर दूर भाला फेंक दिया था। वेबर ने एक बार फिर नीरज को पटखनी दी। अगला टूर्नामेंट पोलैंड में जानुस्ज मेमोरियल इवेंट हुआ। यहां वेबर ने 86.12 मीटर दूर थ्रो कर खिताब जीता। जबकि नीरज 84.4 मीटर दूर ही भाला फेंक सके थे। इसका बदला अब नीरज ने पेरिस डायमंड लीग में लिया।

