पोलार्ड से भिड़ा पाकिस्तानी बॉलर नसीम शाह: ILT20 के फाइनल का वीडियो वायरल; डेजर्ट वाइपर्स ने पहली बार खिताब जीता
Published: Updated:
2 min read

फाइनल में MI की पारी के दौरान 11वें ओवर में नसीम शाह और कीरोन पोलार्ड के बीच बहस हुई। बीच बचाव के लिए अंपायर को आना पड़ा।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) 2025 सीजन का फाइनल रविवार (4 जनवरी) को दुबई में खेला गया। इस मैच में डेजर्ट वाइपर्स (Desert Vipers) ने मुंबई इंडियंस एमिरेट्स (MI Emirates) टीम को 46 रन से हराया। इस तरह डेजर्ट टीम ने पहली बार यह खिताब जीता। इसी फाइनल के दौरान डेजर्ट टीम से खेल रहे पाकिस्तानी बॉलर नसीम शाह ने MI टीम के कैप्टन कीरोन पोलार्ड से पंगा ले लिया।
यह वाकया MI की पारी के दौरान 11वें ओवर में हुआ। आखिरी बॉल नसीम ने स्टम्प लाइन पर रखी थी, जिसे पोलार्ड ने डिफेंड किया। इसके बाद नसीम ने हंसते हुए घूरा, जो पोलार्ड को अच्छा नहीं लगा। वेस्टइंडीज के इस पूर्व कप्तान ने कुछ कहा, जिसके बाद नसीम से बहस हुई।
अंपायर ने बीच बचाव किया
इसी दौरान बीच बचाव के लिए अंपायर को आना पड़ा। नसीम की टीम के साथ जेसन रॉय भी बीच बचाव के लिए आए। हालांकि अच्छी बात यही रही कि सिर्फ बहस हुई और कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंटरनेशनल लीग टी20 ने भी अपने ऑफिशियल अकाउंट से इस वीडियो को शेयर किया।
सैम करन रहे प्लेयर ऑफ द सीरीज
मैच में डेजर्ट वाइपर्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 182 रन बनाए थे। टीम के लिए कप्तान सैम करन ने 51 बॉल पर 74 रनों की पारी खेली। इस दौरान 2 छक्के और 8 चौके लगाए। करन को ही प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। करन ने टूर्नामेंट में 397 रन बनाए और 7 विकेट भी लिए।
183 रन के टारगेट के जवाब में MI की टीम 18.3 ओवर में 136 रन ही बना सकी। इस तरह डेजर्ट वाइपर्स ने यह फाइनल 46 रन से जीत लिया। MI के लिए सबसे ज्यादा 36 रन शाकिब अल हसन ने बनाए। डेजर्ट के लिए डेविड पायने और नसीम शाह ने 3-3 विकेट लिए।

