धोनी अगले मैच में खेल सकते हैं: ब्रेविस की वापसी भी संभव; चेन्नई टीम IPL के शुरुआती 3 मैच हारी
Published:
3 min read

महेंद्र सिंह धोनी और डेवॉल्ड ब्रेविस चोट के कारण IPL 2026 में शुरुआती तीन मैच नहीं खेल सके। (सोशल म)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने अपने शुरुआती तीन मैच गंवा दिए। इस दौरान 44 साल के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चोट के कारण नहीं खेले। यंग स्टार डेवॉल्ड ब्रेविस भी चोट के कारण बाहर रहे। अब अच्छी खबर यह आ रही है कि यह दोनों प्लेयर अगले मैच में खेल सकते हैं।
दरअसल, चेन्नई टीम को 5 बार खिताब जिताने वाले धोनी को टूर्नामेंट से ठीक पहले प्रैक्टिस के दौरान पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत हुई थी। इसके बाद वे शुरुआती 3 मैच नहीं खेले।
धोनी को फिटनेस टेस्ट पास करना होगा
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, धोनी का इस हफ्ते यानी अगले मैच से पहले एक फिटनेस टेस्ट होगा। यदि वे यह टेस्ट पास करते हैं तो दिल्ली के खिलाफ अगला मैच खेल सकते हैं। वैसे धोनी के अगले मैच में खेलने की उम्मीद काफी ज्यादा है, क्योंकि उन्होंने प्रैक्टिस शुरू कर दी है।
चेन्नई टीम का अगला मैच 11 अप्रैल को है। यह मैच दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम यानी चेपॉक में खेला जाएगा। चेन्नई टीम शुरुआती 3 मैच हारकर पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है।
ब्रेविस के फिट होने की भी उम्मीद
22 साल के साउथ अफ्रीकी बैटर डेवॉल्ड ब्रेविस भी टूर्नामेंट से ठीक पहले प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गए थे। साइड स्ट्रेन के चलते वे भी कोई मैच नहीं खेले। रिपोर्ट्स की मानें तो ब्रेविस भी पूरी तरह फिट हो गए हैं और अगला मैच खेल सकेंगे।
CSK ने पिछला मैच RCB के खिलाफ हारा था। इसके बाद हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा था कि ब्रेविस वापसी के बेहद करीब हैं। उम्मीद है कि वे अगले मैच में खेल पाएंगे।
धोनी की 2023 में सर्जरी हुई
धोनी ने 2023 IPL फाइनल के बाद घुटने का ऑपरेशन कराया था। उन्होंने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। हालांकि, IPL खेल रहे हैं। पिछले कुछ साल से IPL से भी उनके रिटायरमेंट के कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि 2026 उनका आखिरी सीजन हो सकता है।
CSK का स्क्वॉड
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कम्बोज, गुरजनप्रीत सिंह, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, मुकेश चौधरी, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, मैट हेनरी, अकील हुसैन, मैथ्यू शॉर्ट, जैक फॉक्स, सरफराज खान और अमन खान।

