धोनी का खेलना आज भी मुश्किल: ब्रेविस की वापसी मुमकिन, CSK के हेड कोच बोले- माही वापसी की तैयारी कर रहे हैं
Published:
3 min read

धोनी और डेवॉल्ड ब्रेविस दोनों को टूर्नामेंट से ठीक पहले प्रैक्टिस के दौरान चोट लगी थी। दोनों अब तक इस सीजन में कोई मैच नहीं खेल सके। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 सीजन में शुरुआती तीनों मैच हारने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक बुरी और एक अच्छी खबर सामने आ रही है। चेन्नई का चौथा मैच आज (11 अप्रैल) दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ होगा। CSK के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह मैच खेलना भी मुश्किल है। हालांकि अच्छी खबर यह है कि साउथ अफ्रीकी डेवॉल्ड ब्रेविस यह मैच खेल सकते हैं।
धोनी ने प्रैक्टिस शुरू की
दरअसल, चेन्नई टीम को 5 बार खिताब जिताने वाले 44 साल के धोनी को टूर्नामेंट से ठीक पहले प्रैक्टिस के दौरान पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत हुई थी। इसके बाद वे शुरुआती 3 मैच नहीं खेले।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि धोनी इस समय वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हालांकि फ्लेमिंग ने यह नहीं बताया कि धोनी किस मैच से वापसी करेंगे। धोनी ने नेट प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है।

KKR के खिलाफ खेले सकते हैं
एक रिपोर्ट के मुताबिक- धोनी अभी अपनी चोट से ठीक होने के लिए रिहैब कर रहे हैं। डॉक्टर और टीम मैनेजमेंट कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते, इसलिए संभावना है कि वह दिल्ली के खिलाफ होने वाला मैच भी मिस करेंगे। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
हालांकि, टीम को उम्मीद है कि धोनी 18 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ होने वाले मैच तक फिट हो सकते हैं। ऐसे में फैन्स धोनी को इस मैच में खेलता देख सकते हैं।
ब्रेविस के फिट होने की भी उम्मीद
दूसरी ओर 22 साल के डेवॉल्ड ब्रेविस भी टूर्नामेंट से ठीक पहले प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गए थे। साइड स्ट्रेन के चलते वे भी कोई मैच नहीं खेले। रिपोर्ट्स की मानें तो ब्रेविस भी पूरी तरह फिट हो गए हैं और आज मैच खेल सकते हैं।
CSK ने पिछला मैच RCB के खिलाफ हारा था। इसके बाद हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा था कि ब्रेविस वापसी के बेहद करीब हैं। उम्मीद है कि वे अगले मैच में खेल पाएंगे।
धोनी की 2023 में सर्जरी हुई
धोनी ने 2023 IPL फाइनल के बाद घुटने का ऑपरेशन कराया था। उन्होंने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। हालांकि, IPL खेल रहे हैं। पिछले कुछ साल से IPL से भी उनके रिटायरमेंट के कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि 2026 उनका आखिरी सीजन हो सकता है।
CSK का स्क्वॉड
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कम्बोज, गुरजनप्रीत सिंह, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, मुकेश चौधरी, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, मैट हेनरी, अकील हुसैन, मैथ्यू शॉर्ट, जैक फॉक्स, सरफराज खान और अमन खान।

