पाकिस्तान के हर प्लेयर पर 50 लाख जुर्माना : फाइन नहीं दिया तो टीम से बाहर; लगातार चौथी बार ICC इवेंट के सुपर 4 में एंट्री नहीं
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप 2026 से रुखसत हो चुकी है। पहले ही कई मुश्किलात और लानत झेल रही टीम के लिए अपने मुल्क से जो खबरें आ रही हैं, वो तो होश उड़ाने वाली हैं। प्लेयर्स तो परेशान हो गए हैं।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी टीम के परफॉर्मेंस से बेहद खफा हैं। PCB ने डिसाइड कर लिया है कि इस बार टीम से परफॉर्मेंस रिपोर्ट नहीं मांगी जाएगी, बल्कि हार के बाद जुर्माना वसूला जाएगा। इस बार किसी रियायत या राहत की उम्मीद करना फिजूल है।

कुछ तो करना पड़ेगा
यह लगातार चौथा ICC इवेंट है, जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट टीम सुपर 4 में नहीं पहुंच सकी। इसके बाद टीम को लेकर इतने सवाल उठ रहे हैं कि PCB को मुंह छिपाने की जगह भी मयस्सर नहीं हो रही।
पाकिस्तान के बड़े अखबार ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने PCB सोर्स के हवाले से कहा- अब कुछ तो ऐसा करना पड़ेगा कि अवाम का गुस्सा ठंडा हो, प्लेयर्स को भी समझ में आए कि वो घटिया खेलने के बाद जिम्मेदारी से नहीं बच सकते।
PCB क्या करने वाला है
सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने के बाद PCB ने टीम मैनेजमेंट के जरिए हर प्लेयर को इन्फॉर्म कर दिया है कि उन्हें 50 लाख रुपए जुर्माना देना होगा। इंडियन करंसी में यह करीब 16.2 लाख रुपए होंगे।
PCB का कहना है कि पानी सिर से ऊपर जा चुका है। अब दवाई से नहीं मर्ज ठीक नहीं होगा, सर्जरी करना ही रास्ता है।

पाकिस्तान के साथ वर्ल्ड कप में क्या हुआ
शुरुआत ही खराब हुई। सिर्फ USA के खिलाफ ठीक से जीते। बाकी मैचों में तो हालत बेहद पतली रही। भारत के खिलाफ तो 61 रन से हारे और टीम में फूट गई सो अलग।
जैसे-तैसे सुपर 8 में पहुंचे तो न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच धुल गया। इंग्लैंड से हार गए। श्रीलंका के खिलाफ बमुश्किल जीते, लेकिन तब तक टूर्नामेंट से बाहर हो चुके थे। पाकिस्तानी फैन्स का गुस्सा इस कदर बाहर आ रहा है कि पूछिए मत।

कुछ के पास जुर्माना भरने के पैसे नहीं होंगे
PCB की आर्थिक हालत बेहद पतली है। वो जैसे-तैसे ICC के भरोसे और मदद से काम चलाती है। सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में जो प्लेयर हैं, उनमें A और B ग्रेड तो ठीक है, वो फाइन दे सकते हैं। लेकिन, सवाल C ग्रेड का है। उनकी तो सालाना फीस भी 50 लाख नहीं है। उनका क्या होगा?
खेलना छोड़ देंगे
एक सोर्स ने ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ से कहा- गलती का ठीकरा सिर्फ प्लेयर्स पर फोड़ना ठीक नहीं है। हेड कोच, मैनेजर और सपोर्ट स्टाफ की भी जिम्मेदारी है। PCB क्या करता है? यही हाल रहा तो प्लेयर्स नेशनल टीम में खेलना ही बंद कर देंगे।


