शमी को 2 विकेट, 4 ओवर में 18 डॉट: हैदराबाद के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच; एक साल से टीम इंडिया से बाहर
Published:
2 min read

IPL 2026 से पहले SRH ने शमी को 10 करोड़ रुपये में लखनऊ को ट्रेड किया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में मोहम्मद शमी ने अपनी पुरानी टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की ओर से खेलते हुए शमी ने 2 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। लखनऊ ने यह मैच 5 विकेट से जीता।
शमी एक साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने आखिरी मैच ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल खेला था। यह खिताबी मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 मार्च 2025 को हुआ था।
पुरानी टीम शमी के आगे बेबस
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस IPL मैच में शमी ने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए। उनका इकॉनमी रेट 2.25 रहा। शमी के 4 ओवर में 18 डॉट बॉल रहीं। उन्होंने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को आउट किया। इसके बदौलत हैदराबाद टीम का स्कोर 8 रन पर 2 विकेट हो गया था। यहां से पूरी टीम प्रेशर में आ गई थी। 9 ओवर में स्कोर 31 रन पर 4 विकेट हो गया था।

पिछले सीजन में काफी महंगे रहे थे
IPL 2026 से पहले SRH ने शमी को 10 करोड़ रुपये में लखनऊ को ट्रेड कर दिया था। दरअसल, 2025 सीजन में शमी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने 9 मैच में सिर्फ 6 विकेट लिए थे। एवरेज 56.16 और इकॉनमी 11.23 रही थी। पंजाब के खिलाफ एक मैच में 75 रन भी दे दिए थे। यह IPL के सबसे महंगे स्पेल में से एक था।
बेहतर कंट्रोल
इस मैच में शमी ने बिल्कुल अलग अंदाज में बॉलिंग की। नई बॉल से स्विंग, लाइन और लेंथ इतनी सटीक रही कि बैटर खुलकर खेल ही नहीं पाए। उनकी बॉलिंग ने SRH की पूरी प्लानिंग खराब कर दी। मिडिल ऑर्डर को डिफेंड करने पर मजबूर कर दिया। SRH ने पिछले साल खराब फॉर्म के कारण शमी को छोड़ दिया था। अब वही गेंदबाज दूसरी टीम के लिए मैच जिताने वाला बन गया है। यह ट्रेड अब हैदराबाद के लिए नुकसान जैसा नजर आ रहा है।


