टीम इंडिया में शमी की वापसी मुमकिन: डोमेस्टिक क्रिकेट में कुल 37 विकेट लिए; आखिरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी में दिखे थे
Published:
3 min read

मोहम्मद शमी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 9 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर्स में से एक थे। (फोटो क्रेडिट - @BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. मोहम्मद शमी भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होने वाली 3 मैच की ODI सीरीज में शमी के सिलेक्शन की पॉसिबिलिटी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिलेक्टर्स डोमेस्टिक क्रिकेट में शमी के प्रदर्शन पर करीब से नजर रख रहे हैं।
न्यूजीलैंड सीरीज से हो सकती है वापसी
रिपोर्ट्स के अनुसार, शमी को न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI टीम में मौका मिल सकता है। सिलेक्टर्स उनकी फिटनेस पर नजर रख रहे हैं। शमी ODI क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भी उन्हें मौका मिल सकता है। वे सिलेक्शन रेस से बाहर नहीं हैं। उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद टीम से बाहर
शमी ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा परफॉर्म किया था। उन्होंने 9 विकेट लिए थे। वे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर्स में से एक थे।। इसके बावजूद उन्हें ODI टीम में जगह नहीं मिली। इसे लेकर कई बार सवाल भी उठे।
अगरकर- शमी में विवाद
चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और मोहम्मद शमी के बीच हाल ही में काफी बयानबाजी हुई। वेस्ट इंडीज दौरे के लिए टेस्ट टीम की घोषणा हुई तो अगरकर ने कहा था कि शमी ने सिलेक्शन के लिए जरूरी क्रिकेट नहीं खेला है। बाद में उन्होंने अपनी बात दोहराई और साफ किया कि शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इसलिए नहीं चुना गया क्योंकि वह पूरी तरह से फिट नहीं थे।
अगरकर के बयान के बाद शमी ने कहा था कि सिलेक्टर्स को फिटनेस अपडेट देना उनकी जिम्मेदारी नहीं है। उनका काम NCA में ट्रेनिंग और अच्छा परफॉर्म करना है। इसके बाद उन्होंने रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए लगातार अच्छी बॉलिंग की।
विजय हजारे ट्रॉफी में परफॉर्मेंस
शमी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अब तक 3 मैच खेले हैं। 6 विकेट लिए हैं। विदर्भ के खिलाफ पहले मैच में शमी ने 10 ओवर में दो मेडन करते हुए दो विकेट लिए थे। बड़ौदा के खिलाफ दूसरे मैच में उन्होंने 9.2 ओवर में 42 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले में शमी ने 9.2 ओवर में 69 रन देकर 3 विकेट लिए।
इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी शमी ने 7 मैच में 16 विकेट लिए थे। रणजी ट्रॉफी में शमी ने शुरुआती 2 मैच में 15 विकेट लिए। ईडन गार्डन्स में गुजरात के खिलाफ उन्होंने 5 विकेट भी लिए।
जसप्रीत बुमराह को आराम मिल सकता है
बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज में आराम दिया जा सकता है। टीम मैनेजमेंट वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए यह फैसला ले सकता है। ऐसे में मोहम्मद शमी की वापसी हो सकती है।
जनवरी में न्यूजीलैंड से टी20 सीरीज
भारतीय टीम साल 2026 की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज से करेगी, जो जनवरी में ही होगी। दोनों टीम के बीच 3 वनडे और 5 T20I की सीरीज होगी। पहले वनडे सीरीज खेली जाएगी। मुकाबले 11 जनवरी, 14 जनवरी और 18 जनवरी को वडोदरा, राजकोट और इंदौर में होंगे।
21 से 31 जनवरी के बीच 5 टी20 की सीरीज होगी। इसकी शुरुआत नागपुर से होगी। दूसरा मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला 25 जनवरी को गुवाहाटी में होना तय है। 28 जनवरी को वाइजैग में चौथा T20 होगा । 31 जनवरी को आखिरी T20 तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।

