कैफ ने बाबर को ट्रोल किया: कहा- वो सिंगल-डबल ही खेल सकते हैं, उन्हें छक्का मारना नहीं आता
Published:
2 min read

नीदरलैंड्स के खिलाफ बाबर आजम ने 18 बॉल पर 15 रन बनाए। स्ट्राइक रेट 83.33 का रहा। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में पाकिस्तान टीम बड़े उलटफेर से बच गई। नीदरलैंड्स ने उसे कड़ी टक्कर दी। पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में 3 विकेट से मैच जीता। इसी के साथ एक बार फिर बाबर आजम ट्रोल हुए। इस बार पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने मैच में लाइव कमेंट्री के दौरान ही ट्रोल कर दिया।
कैफ ने कहा- बाबर का स्टाइल छक्का मारने का नहीं है। वो छक्का मारने जाते हैं तो आउट हो जाते हैं। कैफ ने कहा कि बाबर का काम सिंगल-डबल लेकर टीम को जीत दिलाना है।
नीदरलैंड्स को बड़ी मुश्किल से हराया
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए नीदरलैंड्स की टीम ने 148 रन का टारगेट दिया था। जवाब में पाकिस्तान टीम ने 114 रन पर ही 7 विकेट गंवा दिए थे। टीम को यहां से 23 बॉल पर 34 रन चाहिए थे और विकेट भी 3 ही बचे थे। ऐसी स्थिति में ऑलराउंडर फहीम ने 8वें नंबर पर बैटिंग करते हुए 11 बॉल पर नाबाद 29 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।
सिक्स लगाने के चक्कर में आउट
इस मैच में बाबर आजम ने 18 बॉल पर 15 रन बनाए। स्ट्राइक रेट 83.33 का रहा। अपनी इस इनिंग में बाबर ने सिर्फ एक चौका लगाया।
वैन डेर मेरवे ने 13वां ओवर किया। इसमें चौथी बॉल पर बाबर आजम ने हवाई शॉट लगाने की कोशिश की। इसी दौरान लॉन्ग ऑफ पर काइल क्लाइन ने उनका कैच लिया। पाकिस्तान का यह 5वां विकेट था, जो 100 के स्कोर पर गिरा था।
कैफ ने इस तरह बाबर को ट्रोल किया
इसी दौरान कमेंट्री कर रहे कैफ ने कहा- इस मैच में पाकिस्तान के लिए रनरेट की ज्यादा दिक्कत नहीं है। आज तो बस आपको पूरी इनिंग खेलनी है और आप मैच जीत जाओगे।
इसी दौरान बाबर ने हवाई शॉट मारा और कैच आउट हुए। इस पर कैफ ने कहा- अब देखिए, आपने बोला छक्का मारो, कहां मार पाए। फील्डर पीछे है। उनकी (बाबर) ताकत नहीं है। उनका स्टाइल छक्का मारने का नहीं है। उनका स्टाइल सिंगल-डबल लेना, 'रन अ बॉल' और मैच जिताते जाओ। जहां बड़ा शॉट मारने गए, आउट हो गए।

