मो. आमिर जानते थे टीम इंडिया ही जीतेगी : कैफ बोले- पाकिस्तानियों को बस खबरों में बने रहने का शौक, हकीकत तो वो भी जानते हैं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम भले ही T20 वर्ल्ड कप से रुखसत हो चुकी हो, लेकिन उनके वर्तमान और पूर्व क्रिकेटर्स की बयानबाजी पर कोई लगाम नजर नहीं आती। पाकिस्तान के पूर्व पेसर मोहम्मद आमिर का प्रिडक्शन था कि टीम इंडिया किसी भी हाल में इस वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी। हुआ बिल्कुल उलट। टीम इंडिया पूरी आन, बान और शान के साथ सेमी में पहुंच गई।
बहरहाल, टीम इंडिया के पूर्व मिडिल ऑर्डर बैटर मोहम्मद कैफ ने मोहम्मद आमिर को आड़े हाथों लिया। कैफ ने कहा- आमिर सिर्फ लाइमलाइट में रहने के लिए ऐसे बयान देते हैं। सच्चाई ये है कि वो भी जानते हैं कि टीम इंडिया की काबिलियत और पोटेंशियल क्या है।
आमिर ने एक ओवर में 18 रन दिए थे
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- आमिर को भी पता था कि भारत सेमीफाइनल में पहुंचेगा। हालांकि वह जानबूझकर और सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह की फिजूल बयानबाजी करते हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट बहुत पीछे है
कैफ ने आगे कहा- इस तरह के बयानों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है। कुछ लोग सिर्फ चर्चा में आने के लिए ऐसी बातें करते हैं। कैफ ने 2024 T20 वर्ल्ड कप के एक मैच का भी जिक्र किया, जिसमें पाकिस्तान को अमेरिका के खिलाफ हार मिली थी। उस मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ था। उस ओवर में मोहम्मद आमिर ने बाॅलिंग की थी और उस सुपर ओवर में कई वाइड गेंदें की थीं। उस ओवर में पाकिस्तान को 18 रन दिए थे। अमेरिका जैसी टीम के खिलाफ भी अगर कोई पाकिस्तानी ऐसा परफॉर्म करे तो सोचिए...उसका लेवल क्या होगा। मैं इससे ज्यादा और क्या कहूं।
कैफ ने आखिर में कहा- पाकिस्तान क्रिकेट इस समय काफी पीछे नजर आ रहा है। वहां न तो मजबूत कप्तान दिख रहा है और न ही ताकतवर टीम।

पाकिस्तान सुपर 8 से आगे नहीं जा सकी
अब बात T20 वर्ल्ड कप 2026 की करें तो भारत सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि पाकिस्तान की टीम सुपर-8 से आगे नहीं जा सकी। दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना चुकी है।

आमिर ने एक शो में सुपर-8 की शुरुआत में कहा था कि भारत सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचेगा। हालांकि टीम इंडिया ने अच्छा परफॉर्मेंस करते हुए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

