कैफ को याद आए रोहित-द्रविड़: कहा- प्रेशर में बिखर रही टीम इंडिया, रोहित-विराट जैसे प्लेयर्स का गाइडेंस भी नहीं
Published: Updated:
3 min read

2024 का टी20 वर्ल्ड कप रोहित शर्मा की कप्तानी और राहुल द्रविड़ की कोचिंग में जीता था।
स्पोट्स डेस्क. ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर‑8 के पहले मैच में भारत को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार ने टीम की रणनीति पर सवाल खड़े किए हैं।
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने रोहित शर्मा टीम मैनेजमेंट पर सवालिया निशान लगाए। इसके अलावा उन्होंने रोहित शर्मा की कप्तानी और लीगेसी का भी जिक्र कर टीम इंडिया को नसीहत दी है।
इस हार के साथ ही भारत का नेट रन रेट गिर गया और सेमीफाइनल में जाने की राह मुश्किल हो गई है। अब टीम को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे।
रोहित शर्मा का जिक्र
कैफ ने ABP न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा- भारत ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप रोहित शर्मा की कप्तानी और राहुल द्रविड़ की कोचिंग में जीता था। ये उस तरह की टीम नहीं है। आज की हार को पुराने अचीवमेंट के पीछे नहीं छिपाया जाना चाहिए, क्योंकि वह रिकॉर्ड रोहित‑द्रविड़ के समय बने थे, न कि आज के कप्तान/कोच के दौर में।
उन्होंने कहा- आज के युवा खिलाड़ियों को रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी कप्तानों का गाइडेंस नहीं मिल रहा। जैसे अभिषेक शर्मा.. उनकी हालिया नाकामी अनुभव की कमी को दिखाती है। आज की टीम को पिछले खिताबों के नाम से बचाने का बहाना नहीं करना चाहिए, बल्कि हल के बारे में सोचना चाहिए।
अभिषेक की टीम में जगह नहीं
कैफ ने इस बात पर जोर दिया कि अभिषेक शर्मा जैसे युवा बल्लेबाज ने 4 मैच में 15 रन बनाकर निराश किया है। अब वो टीम में नहीं रह सकते। इन खिलाड़ियों को ब्रेक देना चाहिए।
बहरहाल, कैफ और मैदान के बाहर से मिल रही एडवाइज पर सूर्यकुमार यादव ने बैलेंस जवाब दिया। कहा- बल्लेबाज पर भरोसा रखना चाहिए और टीम अभी भी युवा खिलाड़ियों पर विश्वास रखेगी, जब तक वे योगदान दे सकते हैं।
रोहित की कमी महसूस होती है
कैफ के नजरिए को देखें तो लगता है कि वह आज की टीम में अनुभव की कमी महसूस करते हैं। ये भी कहा जा सकता है कि जो टीम रोहित‑द्रविड़ के दौर में थी, वो अब नहीं है। उन दिनों टीम के पास कप्तानी संतुलन और दबाव में भी बेहतर परफॉर्म करने वाला बैटिंग लाइनअप था। खेल दिखाने वाली बैंटिग थी। आज वह सिलसिला नहीं दिख रहा, और इसी कारण रोहित शर्मा को याद किया जा रहा है, खासकर तब, जबकि टीम इंडिया हारी है।
इंडिया 111 रन पर ऑलआउट
सुपर‑8 के अहम मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187/7 स्कोर किया। भारत की टीम 111 पर ऑलआउट हो गई। रन के लिहाज से यह टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी हार है।
![]()

