मुंबई की इस सीजन में 5वीं हार : चेन्नई ने 103 रन से हराया; संजू सैमसन ने IPL 2026 की दूसरी सेंचुरी लगाई; अकील हुसैन को 4 विकेट
Published:
3 min read

IPL 2026 पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को IPL में सबसे बड़ी हार मिली। चेन्नई सुपर किंग्स ने गुरुवार को मुंबई के होमग्राउंड पर उसे 103 रन से हराया।(फोटो सोर्स;IPL)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को उसके ही घर वानखेड़े स्टेडियम में 103 रन से हरा दिया। इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे। सैमसन ने 54 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाकर टीम को 207 तक पहुंचाया। चेन्नई ने इसके बाद शानदार गेंदबाजी के दम पर मुंबई को पूरी तरह मैच से बाहर कर दिया। यह इस सीजन में मुंबई की पांचवीं हार रही, जिससे उसकी प्लेऑफ की राह और कठिन हो गई है।
इस हार के बाद मुंबई पॉइंट टेबल में 4 अंकों के साथ आठवें नंबर पर पहुंच गई है। टीम ने 7 मैचों में सिर्फ 2 मे जीती है। अब प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे बचे हुए मुकाबलों में सभी मैच जीतने होंगे। वहीं चेन्नई, इस जीत के बाद 7 मैचों में से 3 जीत कर, 6 अंकों के साथ पॉइंटर टेबल में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।
54 बाॅल में 101 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम ने अच्छा परफॉर्मेंस किया। टीम की शुरुआत काफी तेज रही। संजू सैमसन ने 54 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे। 20 ओवर में चेन्नई ने 6 विकेट खोकर 207 रन बनाए।

मुंबई की खराब शुरुआत
208 रनों का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को तेज शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ। पहले ही ओवरों में टीम ने अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। शुरुआत में ही दानिश मालेवार बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद क्विंटन डी कॉक सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। तीसरे नंबर पर आए नमन धीर भी बिना रन बनाए आउट हो गए। महज 2.3 ओवर में 11 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद मुंबई की टीम प्रेशर में आ गई और मैच में वापसी नहीं कर सकी।
बैट्समैन पूरी तरह फ्लॉप
मुंबई के बल्लेबाजों का प्रदर्शन खराब रहा। सिर्फ तिलक वर्मा 37 और सूर्यकुमार यादव 35 रन बना सके। बाकी बल्लेबाज सिंगल डिजिट में आउट हो गए। कप्तान हार्दिक पांड्या भी सिर्फ 1 रन बना सके। पूरी टीम 19 ओवर में मात्र 104 रन पर ऑलआउट हो गई। चेन्नई की जीत में गेंदबाजों का भी बड़ा योगदान रहा। अकील हुसैन ने 4 विकेट लिए उनके अलावा नूर अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि मुकेश चौधरी, अंशुल कंबोज, जेमी ओवर्टन और गुरजपनीत सिंह को 1-1 सफलता मिली।

