MI की मुश्किल बढ़ी: हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर सस्पेंस; रायपुर मैच से बाहर हो सकते हैं
Published:
3 min read

हार्दिक पांड्या टीम के साथ मुंबई से रायपुर के लिए रवाना होते हुए नहीं दिखे।
स्पोर्ट्स डेस्क. मुंबई इंडियंस (MI) के लिए IPL 2026 का सीजन पहले ही मुश्किलों भरा चल रहा है और अब टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्हें बैक स्पाज्म यानी पीठ में तेज ऐंठन की समस्या हुई है, जिसके कारण उनके अगले कुछ मैच खेलने पर सवाल खड़े हो गए हैं। टीम मैनेजमेंट भी अभी साफ तौर पर कुछ नहीं कह पा रहा है कि वह कब तक वापसी करेंगे।
क्या हुआ है हार्दिक को
हार्दिक पांड्या पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ नहीं खेले थे। उस समय मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक बयान दिया था कि उन्हें बैक में स्पैजम की समस्या है, इसलिए वह उस मैच का हिस्सा नहीं बन सके। उस मैच में टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ने संभाली थी। शुरुआत में माना जा रहा था कि यह ज्यादा गंभीर चोट नहीं है और हार्दिक जल्द ही अगले मैच में वापसी कर लेंगे। खासकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उनकी खेलने को लेकर उम्मीद थी। लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं।

क्यों बढ़ी दिक्कत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक-हार्दिक पांड्या टीम के साथ मुंबई से रायपुर के लिए रवाना होते हुए नहीं दिखे। यही बात सबसे ज्यादा चिंता का कारण बन गई है। आमतौर पर कप्तान और अहम खिलाड़ी टीम के साथ ट्रैवल करते हैं, लेकिन उनका न दिखना कई सवाल खड़े कर रहा है। इसके अलावा अभी तक यह भी साफ नहीं हुआ है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है और उन्हें रिकवर होने में कितना समय लगेगा। टीम की तरफ से भी कोई अपडेट नहीं आया है।
टीम के साथी खिलाड़ी रयान रिकेल्टन ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- उन्हें खुद हार्दिक की हालत के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें भी अचानक ही पता चला कि हार्दिक को बैक स्पैजम हैं और वह नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीद है कि वह जल्द टीम के साथ जुड़ जाएंगे, लेकिन पक्का कुछ नहीं कहा जा सकता।

इस सीजन में हार्दिक का प्रदर्शन
अगर इस सीजन के प्रदर्शन की बात करें तो हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन औसत रहा है। उन्होंने अब तक 8 मैचों में लगभग 146 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट करीब 136 रहा है, जो ठीक-ठाक माना जा सकता है, लेकिन उनकी गेंदबाजी से टीम को ज्यादा फायदा नहीं मिल पाया है।
मुंबई इंडियंस 9वें नंबर पर
मुंबई इंडियंस की टीम पहले ही इस सीजन में कर रही है। टीम ने अब तक 10 मैचों में सिर्फ 3 मुकाबले जीते हैं और पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अब काफी कम हो चुकी हैं।

