मेसी और अर्जेंटीना टीम पर केरल सरकार का आरोप: खेल मंत्री बोले- पैसे लिए लेकिन आए नहीं; क्या है पूरा मामला
Published:
3 min read

अर्जेंटीना को नवंबर 2025 में केरल में एक फ्रेंडली मैच खेलना था। यह कुछ कारणों से रद्द हुआ। इसके बाद केरल सरकार ने कहा था कि अर्जेंटीना अब मार्च 2026 में आएगी।
स्पोर्ट्स डेस्क। लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम पर केरल सरकार ने आरोप लगाए हैं। केरल के खेल मंत्री वी अब्दुल रहमान ने बताया कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने केरल आने का वादा किया था और इसके लिए राज्य सरकार ने टीम को भारी-भरकम रकम भी भेजी लेकिन बाद में यह लैटिन अमेरिकी टीम अपने वादे से मुकर गई।
दरअसल, लियोनल मेसी अपनी अर्जेंटीना टीम के साथ नवंबर 2025 में केरल आने वाले थे। यहां कोच्चि में 17 नवंबर को एक फ्रेंडली मैच खेलना था, लेकिन बाद में यह मुकाबला टल गया। इसके बाद केरल के स्पोर्ट्स मिनिस्टर वी अब्दुल रहमान ने दावा किया था कि टीम अब मार्च 2026 में केरल का दौरा करेगी। लेकिन इस बार भी पूरा कार्यक्रम टल गया। इसी को लेकर इंटरव्यू में खेल मंत्री से सवाल हुए। इन्हीं सवालों के जवाब में उन्होंने अर्जेंटीना टीम पर आरोप लगाए।
250 करोड़ जुटाए थे लेकिन...
अब्दुल रहमान ने एक टीवी चैनल पर कहा- हम चाहते थे कि मेसी और उनकी टीम हमारे राज्य में आकर एक मैच खेलें। इसके लिए कई दौर की बातचीत हुई और स्पॉन्सर भी जुटाए गए। 250 करोड़ रुपये तक की व्यवस्था की गई थी ताकि Argentina national football team को बुलाया जा सके। लेकिन यह प्लान सक्सेस नहीं हुआ।
मंत्री का दावा- अंर्जेंटीना टीम ने 5 देशों के साथ धोखा किया
मंत्री ने कहा कि टीम ने आने का वादा किया, पैसे भी लिए, लेकिन बाद में केरल नहीं आई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह “धोखा” है और उन्हें इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। रहमान ने यह भी दावा किया कि अर्जेंटीना टीम ने सिर्फ केरल ही नहीं, बल्कि 5 और देशों के साथ भी ऐसा किया है। यानी पैसे लेने के बाद वहां भी खेलने नहीं गई।
अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई की बात हो रही है। अगर कोई समझौता हुआ था और उसके आधार पर भुगतान किया गया, तो टीम को जवाब देना होगा और मुआवजा भी देना पड़ सकता है।
अब्दुल रहमान ने यह भी कहा इस घटना से केरल के फुटबॉल फैंस को गहरी निराशा हुई, क्योंकि वहां मेसी के बहुत बड़े फैन हैं। मंत्री ने भी कहा कि वह खुद भी इस बात से काफी दुखी हैं।
2025 में इंडिया आए थे
दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी पिछले साल बाद भारत दौरे पर आए थे। कोलकाता में इवेंट के बाद वह हैदराबाद पहुंचे थे। यहां उन्होंने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बच्चों के साथ फुटबॉल खेला। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस दौरान मेसी के साथ फुटबॉल खेलते नजर आए।
इस दौरान स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस इवेंट के दौरान मेसी ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की ओर भी किक लगाया। फुटबॉल सीधे दर्शकों के बीच जाकर गिरी।

