मनोज तिवारी ने TMC पार्टी छोड़ी: कहा- ममता के मंत्री को स्पोर्ट्स की A,B,C,D भी नहीं पता; पूर्व क्रिकेटर को इस बार टिकट नहीं मिला था
Published: Updated:
2 min read

पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने टीम इंडिया के लिए 12 वनडे खेले, जिसमें 287 रन बनाए। (@CAB)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 नतीजों के अगले दिन (5 मई) एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पार्टी को छोड़ दिया है। साथ ही मनोज तिवारी ने बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास को लेकर कहा कि उन्हें स्पोर्ट्स की A,B,C,D भी नहीं पता।
इस बार टिकट ही नहीं मिला
दरअसल, मनोज तिवारी को इस बार टिकट ही नहीं मिला। वे पिछले विधानसभा चुनाव में TMC के टिकट पर शिबपुर सीट से जीते थे और ममता सरकार में जूनियर स्पोर्ट्स मिनिस्टर भी बने थे।
इस बार उनकी जगह इस सीट से TMC ने डॉ. राणा चटर्जी को टिकट दिया था। राणा भी सीट नहीं बचा सके। उन्हें BJP के रुद्रनिल घोष ने 16058 वोट से हराया।
मनोज को मंच पर नहीं बुलाते थे
मनोज ने न्यूज एजेंसी से कहा- अरूप दा को किसी भी स्पोर्ट्स की A, B, C, D पता नहीं है। ऐसे कई प्रोग्राम हुए हैं, जहां मुझे और अरूप दा को एक साथ बुलाया गया। हालांकि मुझे मंच पर नहीं बुलाया जाता था। एक बार डूरंड कप में मुझे बुलाया गया था और मेरे फोटोज भी लगे थे। इसके बाद किसी भी डूरंड कप में नहीं बुलाया गया।
एक बार डूरंड कप के अनावरण समारोह में मेरी तस्वीरें खेल-पृष्ठों पर छपी थीं; लेकिन उसके बाद के डूरंड कप के लिए मुझे कोई निमंत्रण ही नहीं मिला।
12 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले
राइट हैंड बैटर मनोज ने टीम इंडिया के लिए 12 वनडे खेले, जिसमें 287 रन बनाए। जबकि 3 टी20 मैच की एक पारी में सिर्फ 15 रन बनाए थे। टेस्ट में मनोज को मौका नहीं मिला।

