लखनऊ की 6 हार के बाद पहली जीत: प्लेऑफ की रेस में बरकरार, RCB को 9 रन से हराया; प्रिंस को 3 विकेट, मार्श की सेंचुरी
Published: Updated:
3 min read

लखनऊ सुपर जायंट्स की 10 मैच में यह तीसरी जीत है। टीम अभी 10वें नंबर पर है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 50वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच गुरुवार (8 मई) को खेला गया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुए इस मैच को LSG ने 9 रन से जीत लिया। यह लखनऊ टीम की लगातार 6 हार के बाद पहली जीत है। LSG के लिए पेसर प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए और ओपनर मिचेल मार्श ने सेंचुरी लगाई। मार्श ही प्लेयर ऑफ द मैच बने।
मैच में बेंगलुरु टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद लखनऊ टीम ने 210 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में RCB टीम 6 विकेट गंवाकर 203 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। बारिश के चलते 3 बार खेल रुका था। ऐसे में मैच 19-19 ओवर का किया गया था।
RCB टीम 203/6, पाटीदार की फिफ्टी
बेंगलुरु टीम के लिए कप्तान रजत पाटीदार ने 31 बॉल पर 61 रन की पारी खेली। टिम डेविड ने 17 बॉल पर 40 और देवदत्त पडिक्कल ने 25 बॉल पर 34 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या 16 बॉल पर 28 और रोमारियो शेफर्ड 15 बॉल पर 23 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
लखनऊ टीम के लिए पेसर प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए। शहबाज अहमद को 2 और मोहम्मद शमी को 1 सफलता मिली।
लखनऊ टीम 209/3
टॉस हारकर बैटिंग करते हुए लखनऊ टीम ने 3 विकेट गंवाकर 209 रन बनाए। मिचेल मार्श ने 49 बॉल पर सेंचुरी लगाई। उन्होंने 56 बॉल पर 111 रन बनाए। उन्होंने 9 सिक्स और 9 चौके लगाए। निकोलस पूरन ने 23 बॉल पर 38 और ऋषभ पंत ने 10 बॉल पर 32 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए जोश हेजलवुड, क्रुणाल पंड्या और रसिक सलाम ने 1-1 विकेट लिया।
लखनऊ अब भी प्लेऑफ की रेस में
यह मैच जीतकर भी LSG टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है। इस टीम ने 10 में से सिर्फ 3 मैच जीते और 7 हारे हैं। इस टीम के अभी 6 ही पॉइंट हैं। इस टीम को अब 4 मैच और खेलने हैं और सभी जीतने होंगे। एक भी हार उसे बाहर कर देगी।
हालांकि यह टीम बाकी बचे मैच जीतती है, तब भी 14 पॉइंट्स तक ही पहुंचेगी। यहां से भी प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल रहेगा। दूसरी ओर RCB है, जिसने अब तक 10 में से 6 मैच जीते और 4 हारे हैं। उसे प्लेऑफ के लिए 2 जीत की दरकार रहेगी।
दोनों प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार और जोश हेजलवुड।
इम्पैक्ट सब: जॉर्डन कॉक्स, टिम डेविड, मंगेश यादव, विक्की ओस्टवाल और वेंकटेश अय्यर।
लखनऊ सुपर जाइंट्स: मिचेल मार्श, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, एडेन मार्कराम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट सब: मयंक यादव, मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान।

