T20I रैंकिंग में ईशान टॉप पर: अभिषेक नंबर-2, पाकिस्तानी फरहान को नुकसान; अर्शदीप को 11 और बुमराह को 7 पायदान का फायदा
Published: Updated:
3 min read

अफगानिस्तान के खिलाफ 3 टी20 की सीरीज के पहले टी20 में अभिषेक ने 82 और दूसरे मैच में 39 रन बनाए। (फाइल फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार (16 सितंबर) को ताजा रैंकिंग जारी की है। टी20 बैटर्स की रैंकिंग में भारतीय विकेटकीपर बैटर ईशान किशन टॉप पर बरकरार हैं। जबकि ओपनर अभिषेक शर्मा को एक पायदान का फायदा हुआ है। अभिषेक दूसरे नंबर पर पहुंग गए हैं, जबकि पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान एक पायदान के नुकसान के साथ तीसरे पर आ गए हैं।
इसके अलावा भारतीय विकेटकीपर ओपनर संजू सैमसन को 4 पायदान का फायदा हुआ है। यह प्लेयर अब 30वें नंबर पर पहुंच गया है। जबकि टी20 टीम के भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को 6 पायदान का नुकसान हुआ और वे 29वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बॉलिंग में पेसर अर्शदीप सिंह को 11 और जसप्रीत बुमराह को 7 पायदान का फायदा हुआ है।
भारतीय प्लेयर्स का परफॉर्मेंस
दरअसल, भारतीय टीम इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ 3 टी20 की सीरीज खेल रही है। शुरुआती दो मैच जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया है। दूसरे मैच में संजू ने 22 बॉल पर 57 रन की पारी खेली, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में हुआ।
सीरीज के पहले टी20 में अभिषेक ने 82 और दूसरे मैच में 39 रन बनाए। इसका उन्हें फायदा मिला है। जबकि ईशान ने पहले टी20 में 42 और दूसरे में नाबाद 38 रन बनाए थे।
टॉप-10 में सिर्फ 3 भारतीय बैटर
टी20 रैंकिंग के टॉप-10 बैटर्स में तीन ही भारतीय हैं। ईशान और अभिषेक के अलावा तिलक वर्मा इस लिस्ट में हैं। तिलक को एक पायदान का नुकसान हुआ। वे फिसलकर 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं। जबकि टॉप-20 में 4 ही भारतीय हैं। चौथे सूर्यकुमार यादव हैं, जो एक पायदान फिसलकर 20वें नंबर पर पहुंच गए।
बॉलर्स में बुमराह और वरुण को फायदा
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 7 पायदान का फायदा हुआ है। वे अब 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा टॉप-10 में दूसरे भारतीय वरुण चक्रवर्ती हैं। स्पिनर वरुण को 2 स्थान का फायदा हुआ और वे अब 5वें नंबर पर आ गए। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को 11 पायदान का फायदा हुआ। वो 14वें नंबर पर आ गए हैं।

