वैभव नहीं खेले तो मेरी पत्नी चिल्लाने लगी: पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत ने कहा- मुझे संजू पर दया आती है, दोनों के साथ खिलवाड़ हो रहा
Published: Updated:
3 min read

भारतीय टीम के ओपनर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा। वैभव अब तक अफगानिस्तान के खिलाफ एक भी टी20 नहीं खेले। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम को 1983 वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व ओपनर कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों ही प्लेयर्स के साथ खिलवाड़ हो रहा है। श्रीकांत ने बताया कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 में वैभव को बाहर कर दिया था। यह देख उनकी पत्नी चिल्लाने लगी थीं।
वैभव नहीं खेले तो मैच हटाकर फिल्म देखने लगे
श्रीकांत ने कहा कि वैभव नहीं खेला तो हमने मैच हटाकर फिल्म लगा दी थी। इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि उन्हें विकेटकीपर बैटर संजू पर दया आती है। उनके साथ सही बर्ताव नहीं हो रहा है।

पूर्व चीफ सिलेक्टर श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- कल जब सूर्यवंशी मैच नहीं खेले तो हमने फिल्म देखना शुरू कर दिया था। मेरी पत्नी चिल्लाने लगी थी कि सूर्यवंशी नहीं खेल रहा है। वो मुझसे बहस करने लगी थी कि जो खिलाड़ी पिछले मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच था उसे नहीं खिला रहे। मेरी पत्नी वैभव को बाहर करने पर सवाल करने लगी थी।
खिलाड़ियों को गलत सिग्नल दे रहा मैनेजमेंट
उन्होंने आगे कहा- आप सूर्यवंशी को सही से ट्रीट नहीं कर रहे हो। अब यदि उसे अगले मैच में खिलाया जाता है तो उसे इस बात की चिंता जरूर होगी कि उसने रन नहीं बनाए तो फिर बाहर किया जा सकता है।
श्रीकांत ने कहा- आप गलत सिग्नल दे रहे और सभी खिलाड़ियों के बीच शक पैदा कर रहे हैं। सूर्यवंशी ने हर लेवल दलीप ट्रॉफी, टी20 इंटरनेशनल, इंडिया-ए और IPL में रन बनाए हैं। आपको उसे प्रमोट करना चाहिए।

सैमसन पर दया आती है
टीम मैनेजमेंट की आलोचना करते हुए श्रीकांत ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहने वाले संजू को खराब फॉर्म के कारण अंदर-बाहर करते रहे हैं।
उन्होंने कहा- यह टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन के साथ खिलवाड़ कर रहा है। मुझे सैमसन पर दया आती है। या तो आप संजू को लगातार मौके दें और फिर खराब फॉर्म हो तो बाहर करें। या वैभव को बगैर बाहर किए लगातार मौके देना चाहिए। टीम इंडिया बड़ी गलती कर रही है। दोनों को 2-2 मैचों में मौका दे रही है। यह खिलाड़ियों के लिए अच्छा नहीं है।

