कुलदीप यादव बचपन की दोस्त वंशिका को लाइफ पार्टनर बनाएंगे : वर्ल्ड कप की वजह से शादी पोस्टपोन की थी, अब 14 मार्च को मसूरी में लेंगे सात फेरे
Published:
2 min read

कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन स्पिन बॉलर कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका से शादी करने वाले हैं। कपल 14 मार्च को मसूरी में शादी करेगा। शादी का रिसेप्शन तीन दिन बाद यानी 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में होगा।
शादी की रस्में 13 मार्च से शुरू होंगी। इस दिन हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम रखा गया है। शादी के बाद लखनऊ में होने वाले रिसेप्शन में कई बड़े क्रिकेटर, बॉलीवुड सेलिब्रिटी और यूपी के बड़े नेता शामिल हो सकते हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में बिजी
कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की। इस फंक्शन में क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज सहित कई करीबी दोस्त शामिल हुए।
कपल की शादी पहले नवंबर 2025 में होनी थी। इंडियन टीम के बिजी शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप की वजह से डेट आगे बढ़ानी पड़ी। अब वर्ल्ड कप जीतने के बाद कुलदीप अपनी जिंदगी की एक नई शुरुआत कर रहे हैं।

कुलदीप और वंशिका की लव स्टोरी
वंशिका कानपुर से हैं। उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में काम करते हैं। वंशिका इस समय ऑस्ट्रेलिया में जॉब करती हैं। दोनों बचपन के दोस्त हैं। एक इंटरव्यू में कुलदीप ने कहा था - वे किसी बॉलीवुड अभिनेत्री से शादी नहीं करेंगे। वे ऐसी लाइफ पार्टनर चाहते हैं, जो परिवार का ध्यान रख सके।

T20 वर्ल्ड कप 2026 में सिर्फ 1 मैच खेला
कुलदीप यादव 2026 में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 14 रन देकर एक विकेट लिया था।
इंटरनेशनल करियर
कुलदीप ने अब तक तीनों फॉर्मेट मिलाकर 191 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 365 विकेट लिए हैं। उनका एवरेज 22.50 और इकोनॉमी 4.84 रही है।

