टीम इंडिया को नंबर 6 पर बैटर की जरूरत: इरफान पठान बोले- राहुल दबाव में अच्छी बैटिंग करते हैं, उन्होंने ये साबित भी किया है
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया में केएल राहुल की बैटिंग पोजिशन को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। खासतौर पर वनडे क्रिकेट में जब वह नंबर 5 या 6 पर बैंटिग करने आते हैं तो फैंस और एक्सपर्ट्स पूछते हैं कि इतने अच्छे बैटर को नीचे क्यों भेजा जा रहा है। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया वनडे मैच के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने इस बात पर कहा कि टीम इंडिया को लोअर ऑर्डर में एक प्रॉपर बैटर चाहिए, जो टीम को संभाल सके।
राहुल ने सिक्स लगाकर मैच खत्म किया
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा में खेले गए वनडे मैच में भारत को 301 रन का बड़ा टारगेट मिला था। शुरुआत में टीम इंडिया के विकेट जल्दी-जल्दी गिर गए, जिससे मैच थोड़ा मुश्किल लगने लगा। ऐसे समय में राहुल क्रीज पर आए।
राहुल ने जल्दबाजी नहीं दिखाई। स्टाइक रोटेट करते रहे और हालात को समझा। धीरे-धीरे उन्होंने मैच पर पकड़ बनाई और आखिर में भारत को 4 विकेट से जीत दिलाई। खास बात यह रही कि राहुल ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया।

राहुल जल्दबाजी नहीं करते
इरफान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- राहुल बैटिंग करने आते हैं तो लोग अक्सर पूछते हैं कि वह इतने नीचे क्यों आते हैं। हालांकि, अब क्रिकेट के रुल बदल गए हैं। अगर गेंद रिवर्स नहीं होती तो वह धीमी हो जाती है। ऐसे वक्त पर एक तकनीकी तौर पर मजबूत लोअर ऑर्डर बैटर होना चाहिए।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI में कई बैटर को गेंद समझने में परेशानी हो रही थी, हालांकि राहुल पूरी तरह कंट्रोल में दिखे। वह दबाव में भी शांत रहते हैं और सही समय का इंतजार करते हैं। राहुल ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद से इस रोल को बखूबी निभाया है। नंबर 5 और 6 पर बल्लेबाजी करते हुए उनका औसत लगभग 60 के करीब है, जो दिखाता है कि वह इस पोजीशन के लिए कितने भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। एक और दिलचस्प आंकड़ा यह है कि जब-जब राहुल वनडे रन चेज में नाबाद रहे हैं वो सभी मैच भारत ने जीते हैं।

