उस वक्त रिटायर होना चाहता था: KL राहुल बोले- मैं कोई सुपरस्टार नहीं, शोहरत नहीं-सुकून चाहता हूं
Published:
2 min read

मेरे मन में रिटायरमेंट का ख्याल आया था। क्रिकेट के बाद भी जिंदगी है। करियर को बेवजह खींचने का कोई मतलब नहीं होता। (फोटो क्रेडिट -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. केएल राहुल ने कहा है कि एक समय उनके मन में रिटायरमेंट का ख्याल आया था। हालांकि, तब उन्होंने ऐसा नहीं किया। एक इंटरव्यू में राहुल ने यह भी साफ किया कि वह अभी क्रिकेट छोड़ने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने कहा- जब सही वक्त आएगा तो फैसला लेने में देरी नहीं करूंगा।

करियर को बेवजह खींचने का कोई मतलब नहीं
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन से बातचीत में राहुल ने कहा- मेरे मन में रिटायरमेंट का ख्याल आया था। क्रिकेट के बाद भी जिंदगी है। इसी वजह से रिटायरमेंट का फैसला मेरे लिए बहुत मुश्किल नहीं होगा। मेरा मानना है कि अगर इनसान खुद के लिए ईमानदार रहे तो सही वक्त पहचान जाता है। करियर को बेवजह खींचने का कोई मतलब नहीं होता।
उन्होंने कहा - मैं 33 साल का हूं। खुद को कोई सुपरस्टार नहीं मानता। इसी कारण आगे चलकर रिटायरमेंट का फैसला लेना आसान रहेगा। मेरे लिए परिवार और निजी जिंदगी की अहमियत बड़ी है। मेरा शोहरत में नहीं, सुकून में ज्यादा यकीन है। पिता बनने के बाद जिंदगी का नजरिया पूरी तरह बदल गया है।

अब काफी हो गया.
राहुल ने आगे कहा- मेरे करियर की सबसे बड़ी चुनौती इंजरी रही हैं। बार बार अनफिट होना शरीर से ज्यादा दिमाग पर असर डालता है। कई बार ऐसा लगता है कि अब काफी हो गया। आगे खेलने की जरूरत नहीं है। मानसिक लड़ाई सबसे मुश्किल होती है।
रणजी में दिखेंगे राहुल
राहुल फिलहाल कर्नाटक के लिए रणजी ट्रॉफी खेलेंगे। पंजाब के खिलाफ मोहाली में होने वाला मुकाबला टीम के लिए काफी अहम है।
राहुल का क्रिकेट करियर
राहुल ने 67 टेस्ट मैच में 35.8 के एवरेज से 4,053 रन और 94 वनडे मैच में 50.9 के एवरेज से 3,360 रन बनाए हैं। उन्होंने 72 T2OI में 37.75 के औसत और 139 के स्ट्राइक रेट से 2,265 रन भी बनाए हैं।

