KKR की लगातार दूसरी हार: हैदराबाद ने 65 रन से हराकर जीत का खाता खोला, नीतीश प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का छठा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच गुरुवार (2 अप्रैल) को खेला गया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुए इस मैच को सनराइजर्स ने 65 रन से जीत लिया। नीतीश रेड्डी प्लेयर ऑफ द मैच बने। यह इस सीजन में हैदराबाद की पहली जीता है, जबकि कोलकाता की लगातार दूसरी हार है।
इस सीजन में यह इन दोनों ही टीम का यह दूसरा मैच था। ऐसे में KKR अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी। इस मैच में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया।
कोलकाता टीम 161/10 (16 ओवर)
इसके बाद हैदराबाद टीम ने 227 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में कोलकाता टीम 16 ओवर में 161 रन पर ही सिमट गई। अंगकृष रघुवंशी ने 29 बॉल पर 52 रन की पारी खेली। रिंकू सिंह ने 35 और फिन एलेन ने 28 रन बनाए।
इनके अलावा कोई भी बैटर 20 का आंकड़ा नहीं छू सका। हैदराबाद टीम के लिए जयदेव उनादकट ने 3 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए। एशान मलिंगा और नीतीश रेड्डी को 2-2 विकेट मिले।
हैदराबाद टीम 226/8
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए सनराइजर्स टीम ने 8 विकेट पर 226 रन बनाए। टीम को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दी। हालांकि यह दोनों प्लेयर फिफ्टी से चूक गए। अभिषेक ने 21 बॉल पर 48 और हेड ने 21 बॉल पर 46 रन की पारी खेली।
118 रन पर 4 विकेट हुए तो हेनरिक क्लासेन ने टीम को संभाला। उन्होंने नीतीश रेड्डी के साथ 53 बॉल पर 82 रन की पार्टनरशिप की। क्लासेन ने 35 बॉल पर 52 और रेड्डी ने 24 बॉल पर 39 रन बनाए। कोलकाता के लिए पेसर ब्लेसिंग मुजारबानी ने 4 और वैभव अरोड़ा ने 2 विकेट लिए।
रहाणे का 200वां IPL मैच
कोलकाता टीम की कप्तानी अजिंक्य रहाणे संभाल रहे हैं। यह IPL में उनका 200वां मैच रहा। रहाणे यह उपलब्धि हासिल करने वाले 11वें खिलाड़ी बन गए हैं। दूसरी ओर पैट कमिंस के चोटिल होने की वजह से हैदराबाद टीम की कप्तानी ईशान किशन संभाल रहे हैं।
KKR Vs SRH हेड-टू-हेड
कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL में अब तक 31 मैच खेले गए। इसमें कोलकाता टीम का पलड़ा भारी रहा, जिसने 20 मैच जीते हैं, जबकि 11 में हैदराबाद को जीत मिली।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
कोलकाता टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी और ब्लेसिंग मुजारबानी।
इम्पैक्ट सब: फिन एलेन, मनीष पांडे, तेजस्वी सिंह, सौरब दुबे, रोवमैन पॉवेल।
हैदराबाद टीम: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, सलील अरोड़ा, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, डेविड पायने और जयदेव उनादकट।
इम्पैक्ट सब: हर्षल पटेल, लियाम लिविंगस्टोन, एशान मलिंगा, आर स्मरण, साकिब हुसैन।

