केरल के स्पोर्ट्स हॉस्टल में दो लड़कियों का सुसाइड: 17 साल की सैंड्रा-15 की वैष्णवी फंदे से लटकी मिलीं; जांच जारी
Published:
2 min read

लेफ्ट से (सैंड्रा) और राइट से (वैष्णवी)
स्पोर्ट्स डेस्क. केरल के कोल्लम जिले में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के हॉस्टल में रह रही दो लड़कियां अपने कमरे में मृत पाई गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
गुरुवार सुबह की घटना
यह घटना गुरुवार सुबह कोल्लम स्थित SAI हॉस्टल में हुई। दो स्टूडेंट्स 17 साल की सैंड्रा और 15 साल की वैष्णवी अपने कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिलीं। सैंड्रा केरल के कोझिकोड जिले की रहने वाली थीं। वह एथलेटिक्स की ट्रेनिंग ले रही थीं और 12वीं की छात्रा थीं। वैष्णवी 10वीं क्लास में थीं।
ट्रेनिंग के लिए नहीं पहुंचीं
घटना का पता गुरुवार सुबह करीब 5 बजे चला। रोज की तरह सभी खिलाड़ियों को सुबह की ट्रेनिंग के लिए जाना था, लेकिन सैंड्रा और वैष्णवी नहीं पहुंचीं। जब काफी देर तक दोनों नजर नहीं आईं तो हॉस्टल में रहने वाली बाकी स्टूडेंट्स और कर्मचारियों को चिंता हुई। उन्होंने दोनों के कमरे का दरवाजा कई बार खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इसके बाद हॉस्टल प्रशासन ने दरवाजा तोड़ा और अंदर गए। दोनों लड़कियां कमरे के पंखे से फंदे पर लटकी हुई थीं। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि वैष्णवी आमतौर पर हॉस्टल के एक अलग कमरे में रहती थी, लेकिन बुधवार रात वह सैंड्रा के कमरे में ही रुकी थी। कुछ स्टूडेंट से पता चला है कि वह दोनों तनाव में थीं। पुलिस के मुताबिक- कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। दोनो की बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई है। इसका इंतजार है। दोनों की फैमिलीज को इन्फॉर्म कर दिया गया है।

