कपिल देव और गावस्कर का PAK सरकार को लेटर: नजर कमजोर होने पर चिंता जताई; 14 पूर्व कप्तानों ने की इमरान को सही इलाज देने की मांग
Published:
3 min read

भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव और सुनील गावस्कर सहित 14 दिग्गज कप्तानों ने ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी कर इमरान खान को प्रोपर हेल्थ केयर और सम्मान देने की मांग की है।
इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान को बेहतर इलाज दिलाने के लिए कपिल देव और गावस्कर समेत 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को लेटर लिखा है। पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता इमरान करीब ढाई साल से जेल में हैं। कप्तानों ने ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी कर इमरान खान को प्रॉपर हेल्थ केयर और सम्मान देने की मांग की है। यह अपील ऐसे समय आई है जब जेल में उनकी सेहत लगातार बिगड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। इमरान के परिवार का दावा है कि उनकी दाहिनी आंख की रोशनी 85% तक जा चुकी है।
कपिल देव और गावस्कर ने उठाई आवाज
ज्वाइंट स्टेटमेंट में कहा गया है कि इमरान खान की नजर कमजोर होने की खबरें चिंताजनक हैं। पिछले ढाई साल उन्हें कस्टडी में रखने पर सवाल उठ रहे हैं। ज्वाइंट स्टेटमेंट पर साइन करने वालों में माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, सुनील गावस्कर, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, कपिल देव, स्टीफन वॉ और जॉन राइट शामिल हैं। पूर्व कप्तानों ने कहा कि इमरान खान विश्व क्रिकेट के दिग्गज रहे हैं। 1992 विश्व कप में पाकिस्तान को जीत दिलाना उनकी लीडरशिप, जज्बे और खेल भावना का प्रतीक था।
पाकिस्तान सरकार पर दबाव
जॉइंट स्टेटमेंट में पाकिस्तान सरकार से मांग की गई है कि इमरान खान को नियमित तौर पर एक्सपर्ट डॉक्टरों से इलाज करवाया जाए। हिरासत में उनके साथ मानवीय व्यवहार किया जाए।परिवार से रेगुलर मिलने की परमिशन दी जाए। साथ ही उनके खिलाफ चल रहे मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया अपनाने की अपील भी की गई है।
नजर 85% तक कम होने का दावा
यह अपील उस समय आई है जब 15 फरवरी को डॉक्टरों की एक टीम ने रावलपिंडी की अदियाला जेल में इमरान खान की जांच की। सुप्रीम कोर्ट ने 16 फरवरी से पहले 73 साल के इमरान का मेडिकल चेकअप कराने का आदेश दिया था। कुछ रिपोर्ट थी की उन्हें हॉस्पीटल ले जाया जा सकता है, लेकिन डॉक्टर खुद जेल पहुंचे।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के वकील ने दावा किया कि इमरान खान ने बताया है कि उनकी दाईं आंख की लगभग 85% नजर जा चुकी है। पिछले महीने उन्हें इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाया गया था। उनकी पार्टी ने आरोप लगाया कि जांच, परिवार, प्राइवेट डॉक्टरों और पार्टी प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना की गई, जो हमें स्वीकार्य नहीं है।

