रिकवरी में वक्त ज्यादा लग गया: टी20 वर्ल्ड कप मिस करने पर कमिंस ने कहा- मैं जल्द ही वापसी करुंगा
Published:
3 min read

पैट कमिंस ने कहा है कि वो 2026 T20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनना चाहते थे, लेकिन इंजरी से रिकवरी में ज्यादा वक्त लग गया। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस इंजरी के चलते 2026 T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। इस मामले उन्होंने पहली बार रिएक्शन दिया। कहा- मैं 2026 T20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनने के करीब था। रिकवरी में थोड़ी देरी की वजह से फाइनल स्क्वाड में जगह नहीं बना सका।
कमिंस ने कहा- यह सच में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था। ये बस छोटी सी दिक्कत है। मेरे पास समय कम था। मैं कुछ हफ्ते आराम करूंगा। फिर देखूंगा कि क्या होता है। मैं वर्ल्ड कप में खेलने का रिस्क नहीं लेना चाहता था।
जल्द वापसी करुंगा
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बताया- शुरुआत में मुझे लगा था कि इसमें सिर्फ 4 हफ्ते लगेंगे। फिर मेरा एक फॉलो-अप स्कैन हुआ। ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट ने कहा इसमें कुछ और दिन लग सकते हैं। इसलिए टाइमलाइन थोड़ी टाइट हो गई। मैं जल्द ही वापसी कर पाऊंगा।
कमिंस की जगह ड्वारशुइस टीम में शामिल
पहले कमिंस को टीम में शामिल किया गया था। वे पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं। कमिंस को एशेज सीरीज के दौरान पीठ के निचले हिस्से में इंजरी हुई थी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड टेस्ट के बाद से कोई मैच नहीं खेला है।
कमिंस की जगह बेन ड्वारशुइस को वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने मैथ्यू शॉर्ट को टीम से बाहर किया है। उनकी जगह मैट रेनशॉ को टीम में जगह दी है। ऑस्ट्रेलियाई सिलेक्टर टोनी डोडमेडे कमिंस की जगह बेन एकदम तैयार रिप्लेसमेंट थे। वे लेफ्ट आर्म पेस ऑप्शन के साथ-साथ शानदार फील्डिंग और लेट ऑर्डर में हिटिंग की ताकत देते हैं।
ऑस्ट्रेलिया का टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैट कुह्नमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस और एडम जैम्पा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वॉलिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

