सॉरी मैं तुम्हें टीम में नहीं ले सकी: जब जितेश को न खरीद पाने पर प्रीति जिंटा दुखी हुईं, प्रीति ने कहा था- पैसे का सही इस्तेमाल करना
Published:
2 min read

जितेश IPL में फिलहाल (RCB) के लिए खेलते हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के विकेटकीपर बैटर जितेश शर्मा ने हाल ही में अपने IPL सफर और प्रीति जिंटा के साथ रिश्तों पर दिलचस्प बातें शेयर कीं। जितेश कहते हैं- प्रीति मेरे लिए सिर्फ टीम ओनर नहीं, बल्कि बड़ी बहन भी हैं।
कॅरियर की शुरुआत आसान नहीं रही

एक पॉडकास्ट में जितेश ने कहा- मेरा क्रिकेट करियर आसान नहीं रहा। IPL में धीरे-धीरे पहचान बनाई। जहां कई खिलाड़ी शुरुआत में ही स्टार बन जाते हैं, वहीं मुझे पहचान देर से मिली। लेकिन मैंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करता रहा।
जितेश ने आगे कहा- मैं प्रीति को बहुत सम्मान देता हूं। उन्हें बड़ी बहन की तरह मानता हुं। हमारे बीच सिर्फ क्रिकेट की बातें नहीं होती थीं, बल्कि आम जिंदगी से जुड़ी बातें भी होती थीं। जब प्रीति को पता चला मैं हिमाचल प्रदेश से हुं तो हमारी बॉन्डिंग और अच्छी हो गई, क्योंकि वो खुद भी हिमाचल से हैं।
इस विकेटकीपर बैटर ने आगे कहा- हमारा एक फैमिली कनेक्शन बन गया था। एक बार ऑक्शन में पंजाब किंग्स मुझे दोबारा नहीं खरीद पाई। हालांकि, उन्होंने पूरी कोशिश की और राइट-टू-मैच कार्ड भी इस्तेमाल किया, लेकिन दूसरी टीम ने ज्यादा बोली लगा दी।

फिर, प्रीति ने कहा- सॉरी जितेश
जितेश आगे कहते हैं। ऑक्शन के बाद प्रीति ने मुझे फोन किया। कहा- सॉरी, जितेश। हम तुम्हें वापस नहीं ले पाए। यह सुनकर मुझे बहुत अच्छा लगा। इसमें एक बहन जैसा अपनापन था। प्रीति चाहती थीं कि मैं टीम में बना रहूं, लेकिन साथ ही वो इस बात से खुश भी थीं कि मुझे ऑक्शन में 11 करोड़ रुपए मिले। उन्होंने कहा था- जितेश, पैसे का सही इस्तेमाल करना।
जितेश ने आखिर में कहा कि अगर पंजाब किंग्स ने उन्हें मौका नहीं दिया होता, तो शायद उनका करियर आज इस मुकाम पर नहीं होता। उन्होंने इस टीम को अपने करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया।

40 मैच में 730 रन

जितेश IPL में फिलहाल (RCB) के लिए खेलते हैं। उन्होंने कई अहम मैच में इस टीम को जीत दिलाई। जितेश के करियर का असली मोड़ PBKS से आया था। इस टीम ने उन पर भरोसा दिखाया और उन्हें मौका दिया। जितेश ने भी इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया। उन्होंने पंजाब के लिए 40 मैच में 730 रन बनाए।

