बेटे अंगद के साथ बुमराह का प्रैक्टिस सेशन: जस्सी खाली विकेट पर बॉलिंग करते दिखे, छोटा जस्सी दौड़ता नजर आया- VIDEO VIRAL
Published:
2 min read

बुमराह मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में वह भारत की गेंदबाजी की अगुवाई करेंगे।
स्पोर्ट्स डेस्क. जसप्रीत बुमराह मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में वह भारत की गेंदबाजी की अगुवाई करेंगे। उनकी प्रैक्टिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें उनके साथ कोई सीनियर प्लेयर नहीं बल्कि उनका बेटा अंगद नजर आ रहा है।
देखो, डैडी कैसे बॉलिंग करते हैं
नागपुर के वीसीए स्टेडियम में 21 जनवरी से शुरू होने वाली टी20 सीरीज से पहले बुमराह ने ट्रेनिंग शुरू की। इस दौरान उनका बेटा अंगद भी नजर आया। बुमराह ने खुद इस ट्रेनिंग सेशन का वीडियो शेयर किया। बीच-बीच में अंगद के साथ खेलते भी नजर आते हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बुमराह को अपनी बॉलिंग ड्रिल बीच में रोकनी पड़ी, क्योंकि अंगद उनके पास आकर खेलने लगा। बुमराह ने बड़े प्यार से अपने बेटे को वार्म-अप करते हुए भी साथ लिया और फिर कहा- ध्यान से देखो कि पापा कैसे बॉलिंग करते हैं। वह अंगद से कहते हैं- अब देखो डैडी कैसे करता है, इधर देखो।
इसके बाद बुमराह बॉलिंग करते है। इसे देखकर अंगद खुशी से कहता है- ओह माय गॉड…
बुमराह और अंगद का खुशनुमा पल
अंगद ने खुद भी क्रिकेट बॉल उठाई और अपने पापा की नकल करने की कोशिश की। जब ट्रेनर ने अंगद से गेंद फेंकने को कहा तो बुमराह मुस्कुराते हुए बोले- वो उधर जाकर करेगा। सेशन खत्म होने के बाद बुमराह ने गेंद अंगद को देते हुए पूछा- फिर से बॉलिंग करेगा? और अंगद ने खुशी-खुशी गेंद स्टंप्स की तरफ फेंक दी।

