114 बॉल और 0 विकेट: बुमराह को IPL में क्या हो गया? आज MI का पंजाब किंग्स से मुकाबला
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह इन दिनों खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उनके और मुंबई इंडियंस (MI) के फैन इस बात से थोड़े निराश भी हैं। खराब फॉर्म का अंदाज इस बात से लगा सकते हैं कि बुमराह को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले 5 मैच में कोई भी विकेट नहीं मिला। इस दौरान बुमराह ने 114 बॉल डालीं।
इसका असर टीम पर भी पड़ रहा है। IPL 2026 सीजन में मुंबई टीम ने अब तक (15 अप्रैल) 4 मैच खेले, जिसमें से एक ही जीता है। जबकि 3 मैच में टीम को हार मिली है। फिलहाल, मुंबई टीम पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर है।
MI के लिए बुमराह की फॉर्म जरूरी
मुंबई का पांचवां मुकाबला आज (16 अप्रैल) पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ होगा। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। अब आगे सभी मैच जीतने के लिए बुमराह का फॉर्म में आना जरूरी है। इस पांचवें मैच में भी बुमराह पर खास नजर रहेगी।

बुमराह ने IPL में आखिरी विकेट पिछले सीजन में 30 मई 2025 को लिया था। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ इस मैच में बुमराह ने 4 ओवर में 27 रन देकर 1 विकेट लिया था। ठीक अगला मैच 2025 सीजन में बुमराह का आखिरी मुकाबला था, जिसमें 4 ओवर किए और कोई विकेट नहीं मिला।
बुमराह ने 5 मैच में 114 बॉल डालीं
अब मौजूदा IPL 2026 सीजन में बुमराह ने 4 मैच खेले और कोई विकेट नहीं लिया। इन 5 में से 4 मैच में बुमराह ने 4-4 ओवर किए। जबकि एक मैच में 3 ही ओवर किए थे। इस तरह बुमराह ने 5 मैच में 19 ओवर यानी कुल 114 बॉल डालीं।
इन 5 मैच में से दो मुकाबले घरेलू मैदान यानी वानखेड़े स्टेडियम में हुए थे। इसके बावजूद बुमराह कोई विकेट नहीं ले सके।
इस स्टार बॉलर ने IPL में अब तक (15 अप्रैल) 149 मैच खेले, जिसमें 183 विकेट लिए हैं। दो बार एक मैच में 5 और 3 बार 4 विकेट लिए हैं। IPL में बुमराह का बेस्ट परफॉर्मेंस 10 रन देकर 5 विकेट है।

