जेसन होल्डर के कैच पर कंट्रोवर्सी: कोहली की अंपायर से बहस, एंडी फ्लावर भी नाराज दिखे; जानें रूल क्या
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 42वां मैच गुजरात टाइटन्स (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच गुरुवार (30 अप्रैल) को खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस मैच को गुजरात टीम ने 15.5 ओवर में ही 4 विकेट से जीत लिया। इस मैच में कप्तान रजत पाटीदार के आउट होने के बाद विराट कोहली अपना गुस्सा रोक नहीं पाए। अंपायर से बहस करते नजर आए।

8वें ओवर में क्या हुआ
मामला RCB की पारी के 8वें ओवर का था। बॉलर ने शॉर्ट लेंथ बॉल डाली। पाटीदार ने पुल शॉट खेला। बॉल हवा में गई। इस दौरान बाउंड्री के पास खड़े होल्डर ने आगे दौड़कर लो कैच पकड़ा। कैच लेते समय वह स्लाइड भी कर रहे थे। रिप्ले में लगा कि बॉल जमीन को छू सकती है। इसी वजह से कंट्रोवर्सी बढ़ गई।
तीसरे अंपायर ने काफी देर तक रिप्ले देखने के बाद पाटीदार को आउट दिया। यह फैसला आते ही कोहली नाराज हो गए। वह डगआउट से उठकर चौथे अंपायर के पास पहुंचे। काफी देर तक अपनी बात रखते दिखे। RCB हेड कोच एंडी फ्लावर भी कोहली के साथ नजर आए।
पहले यह वीडियो देखें।
अब मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) रूल समझिए
क्रिकेट कानून 33.3 के मुताबिक कैच तभी पूरा माना जाता है, जब फील्डर क्लीन कैच ले। साथ ही अपने बॉडी पर पूरा कंट्रोल रखे। अगर प्लेयर स्लाइड कर रहा हो और उस दौरान बॉल जमीन छू जाए तो कैच वैलिड नहीं होता।
फिर पाटीदार आउट क्यों
अंपायर ने माना कि होल्डर ने बॉल पकड़ते समय कंट्रोल पा लिया था। उनके हिसाब से कैच उसी समय पूरा हो गया था। बाद में स्लाइड या उठते समय जो मूवमेंट हुआ, उसे अलग माना गया। इसी वजह से थर्ड अंपायर ने आउट फैसला दिया।

मैच का टर्निंग पॉइंट
हालांकि, सोशल मीडिया पर फैन्स ने कहा कि फैसला जल्दबाजी में हुआ। इससे पहले ऐसे ही मामले में मिशेल स्टार्क का कैच रद्द किया गया था। इसलिए फैंस सवाल उठा रहे हैं कि दोनों केस में अलग फैसला क्यों आया।
यह विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट था। पाटीदार सेट थे। उनके आउट होने के बाद RCB की बैटिंग लड़खड़ा गई। टीम लगातार विकेट गंवाती रही। बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। आखिरी में गुजरात टाइटंस ने मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया।

