जीत का जश्न कैमरे की नजर से: J&K प्लेयर्स के साथ मौजूद रहे CM उमर अब्दुल्ला; जम्मू-कश्मीर टीम का मैदान पर भांगड़ा मैजिक
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. जम्मू-कश्मीर क्रिकेट ने शनिवार (28 फरवरी) को इतिहास रच दिया। इस टीम ने अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीत लिया है। फाइनल हुबली के KSCA ग्राउंड में कर्नाटक के खिलाफ 24 फरवरी से खेला गया था। यह मुकाबला आखिरी दिन ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन पहली पारी में मिली लीड के चलते जम्मू-कश्मीर टीम को चैम्पियन घोषित किया गया।

इस जीत के बाद जम्मू-कश्मीर टीम के प्लेयर्स ने मैदान पर ही भांगड़ा और डांस किया। इसके फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
टीम की इस जीत के गवाह जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी रहे। वे यह मैच देखने पहुंचे थे। उन्होंने भी वीडियो शेयर किया है।

शुभम पुंदीर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 121 रन बनाए थे। दूसरी पारी में 4 रन ही बना सके। जम्मू-कश्मीर के ही पेसर आकिब नबी डार को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने 17 पारियों में सबसे ज्यादा 60 विकेट लिए।
मैच के पांचवें दिन पहले दो सेशन के बाद जम्मू-कश्मीर की टीम ने दूसरी पारी 4 विकेट पर 342 रन बनाकर डिक्लेयर कर दी। इस टीम ने कुल 633 रन की लीड बना ली थी।
कर्नाटक की दूसरी पारी बाकी थी, जिसका होना असंभव सा था। ऐसे में मैच ड्रॉ पर खत्म करने का ऐलान किया गया। इसके बाद पहली पारी में मिली लीड के लिहाज से जम्मू-कश्मीर को चैम्पियन घोषित किया गया।
जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 का बड़ा स्कोर बनाया था। शुभम पुंदीर ने 121 रन की पारी खेली। यावर हसन ने 88 और साहिल ने 72 रन बनाए। पारस डोगरा और कन्हैया वधावन ने 70-70 रन बनाए। अब्दुल समद ने 60 रन का योगदान दिया।
कर्नाटक के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। विद्याधर पाटिल, विजयकुमार वैशाक, शिखर शेट्टी और श्रेयस गोपाल को 1-1 विकेट मिला।
इसके पहले कर्नाटक की टीम पहली पारी में 293 रन पर ऑलआउट हुई। मयंक अग्रवाल ने 160, कृतिक कृष्णा ने 36 और श्रेयस गोपाल ने 27 रन बनाए। कर्नाटक फॉलोऑन टालने में कामयाब रही। जम्मू-कश्मीर की तरफ से आकिब नबी डार को 5, साहिल को 2 और युद्धवीर सिंह चरक को भी 2 विकेट मिले।

