जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में: बंगाल को 6 विकेट से हराया, आकिब नबी ने इस सीजन में 55 विकेट लिए
Published:
3 min read

रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचने के बाद जश्न मनाते जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी (@BCCIdomestic)
स्पोर्ट्स डेस्क. जम्मू और कश्मीर 67 साल में पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा। सेमीफाइनल में उसने 2 बार के डिफेंडिंग चैंपियन बंगाल को उनके होम ग्राउंड कल्याणी में 6 विकेट से हराया। यह जीत चौथे दिन मिली।
आसान टारगेट
बंगाल ने दूसरी पारी में सिर्फ 99 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर को 126 रन का टारगेट दिया। उन्होंने टारगेट चौथे दिन सिर्फ 4 विकेट खोकर पूरा कर लिया। अब्दुल समद ने 27 बॉल पर नाबाद 30 रन बनाए। इसमें 3 छक्के और 1 चौका शामिल था। वंश शर्मा ने 83 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 55 रन की पार्टनरशिप की। वंश ने मुकेश कुमार की गेंद पर आखिरी शॉट पर सिक्स लगाया ।

पेसर आकिब नबी को सेमीफाइनल में मैन ऑफ द मैच मिला।
आकिब नबी ने सीजन में 55 विकेट लिए
पेसर आकिब नबी ने सेमीफाइनल में 9 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने बैटिंग करते हुए 54 गेंदों पर 42 रन बनाए। क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ उन्होंने 12 विकेट लिए थे। इस सीजन में अब तक उनके 55 विकेट हो चुके हैं। सेमीफाइनल में उन्हें मैन ऑफ द मैच मिला।
पहली पारी में शानदार कमबैक
जम्मू कश्मीर ने पहली पारी में 302 रन बनाए। टीम 26 रन से पीछे थी। कप्तान पारस डोगरा ने 112 गेंद में 58 रन की इनिंग खेली। अब्दुल समद ने 85 गेंद में 82 रन बनाए। आखिरी विकेट के लिए आकिब नबी और युधवीर सिंह ने 64 रन बनाए। युधवीर ने 33 रन बनाए।
बंगाल टीम में बड़े नाम
बंगाल की टीम में मोहम्मद शमी, आकाश दीप, मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद जैसे इंटरनेशनल प्लेयर थे। कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन के हाथ में थी। फिर भी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 25.1 ओवर में 99 रन पर ऑल आउट हो गई। इससे मैच पूरी तरह बदल गया।

मोहम्मद शमी ने पहली पारी में 8 तो दूसरी पारी में 1 विकेट लिया
मोहम्मद शमी के 9 विकेट
भले ही बंगाल सेमीफाइनल हार गया लेकिन मोहम्मद शमी ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 8 और दूसरी पारी में 1 विकेट लिया। इस तरह मैच में उनके 9 विकेट हैं।
डोगरा 10 हजार रन बनाने वाले दूसरे बैट्समैन
इसके साथ ही पारस डोगरा रणजी ट्रॉफी में 10 हजार रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बैट्समैन बन गए। इससे पहले वसीम जाफर के नाम यह रिकॉर्ड बनाया था।
मैच की ब्रीफ समरी देखें
बंगाल: 328 &99
जम्मू कश्मीर: 302 &126/4
1959 से शुरुआत
जम्मू और कश्मीर ने 1959-60 सीजन में पहली बार रणजी ट्रॉफी खेली। शुरुआत में टीम को कमजोर माना जाता था। 1982-83 में टीम ने सर्विसेज को हराकर पहली जीत दर्ज की। इस जीत के लिए 44 साल इंतजार करना पड़ा। 2013-14 सीजन में टीम पहली बार नॉकआउट दौर में पहुंची।

