इटली के 13 खिलाड़ी दूसरे मूल के: कप्तान साउथ अफ्रीकी; इस टीम में भाइयों की 2 जोड़ी, टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार ऐसा हुआ
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को शानदार अंदाज में हुआ। टूर्नामेंट में अब तक (11 फरवरी) 15 मैच खेले जा चुके हैं। इटली की टीम ने अब तक अपना एक ही मैच खेला, जिसमें उसे हार मिली। देखने वाली बात ये है कि इटली की इस 15 सदस्यी टीम में 13 खिलाड़ी दूसरे मूल के हैं।
वर्ल्ड कप में दो भाइयों की जोड़ी
कप्तान खुद साउथ अफ्रीकी मूल का है। इस बार वर्ल्ड कप खेल रही इटली की टीम में भाइयों की 2 जोड़ी हैं। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दूसरी बार ऐसा हुआ, जब एक ही सीजन में किसी टीम में भाइयों की 2 जोड़ी खेल रही है।
इससे पहले ऐसा 2007 टी20 वर्ल्ड कप में केन्या की टीम में दो भाइयों की जोड़ी खेली थी। डेविड ओबुया और कोलिन्स ओबुया, जबकि दूसरी जोड़ी लैमेक ओन्यांगो और नहेमायाह ओधिआम्बो की थी। चारों ने साथ में श्रीलंका के खिलाफ मैच भी खेला था।
भाइयों की एक जोड़ी ऑस्ट्रेलियाई मूल की
इटली की टीम में भाइयों की एक जोड़ी एंथनी मोस्का और जस्टिन मोस्का की है। यह दोनों भाई इटली के ही हैं। इनके अलावा बाकी 13 प्लेयर दूसरे मूल यानी दूसरे देश के हैं। इनमें भाइयों की दूसरी जोड़ी हैरी मैनेंटी और बेंजामिन मैनेंटी की है। यह दोनों भाई ऑस्ट्रेलियाई मूल के हैं।
इटली टीम की कप्तानी 42 साल के वेन मैडसेन संंभाल रहे हैं। यह साउथ अफ्रीकी मूल के हैं। उनका जन्म 1984 में डरबन में हुआ था। मैडसेन स्पिन ऑलराउंडर हैं।
भारतीय मूल के जसप्रीत भी खेल रहे
इटली की वर्ल्ड कप टीम में भारतीय मूल के एक ही प्लेयर हैं। इनका नाम जसप्रीत सिंह है। उनका जन्म 9 जून 1993 को पंजाब में कपूरथला जिले के पघवारा में हुआ था। जसप्रीत तेज गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने 27 टी20 इंटरनेशनल मैच में 23 विकेट लिए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए इटली की टीम:
वेन मैडसेन (कप्तान), मार्कस कैम्पोपियानो, जियान पिएरो मीडे, जैन अली, अली हसन, क्रिशन जॉर्ज, हैरी मैनेंटी, एंथनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेंजामिन मैनेंटी, जसप्रीत सिंह, जेजे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट और थॉमस ड्राका।

