कमिंस के लौटने तक ईशान किशन हैदराबाद के कप्तान: अभिषेक वाइस कैप्टेन; ईशान के पास अंडर-19 और मुश्ताक अली में कप्तानी का अनुभव
Published:
2 min read

सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 28 मार्च को RCB के खिलाफ करेगी।
स्पोर्ट्स डेस्क सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 से पहले बड़ा फैसला लेते हुए ईशान किशन को टीम का कप्तान बनाया है। उन्हें यह जिम्मेदारी इसलिए दी गई है क्योंकि परमानेंट कप्तान पैट कमिंस लोअर बैक इंजरी के चलते शुरुआती कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा अभिषेक शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
किशन के पास कप्तानी का अनुभव
ईशान किशन इससे पहले 2016 में अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया के कप्तान रह चुके हैं। यहां उनकी कप्तानी की काफी तारीफ हुई थी। अब लगभग एक दशक बाद उन्हें एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है, लेकिन इस बार मंच और भी बड़ा है। किशन इसके अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी टीम झारखंड को बतौर कप्तान ट्रॉफी भी जितवा चुके हैं।
किशन 2 साल तक टीम इंडिया से बाहर थे
किशन के लिए यह मौका काफी खास है, क्योंकि कुछ साल पहले उनका कॅरियर थोड़ा मुश्किल दौर से गुजर रहा था। 2022 के बाद वह टीम इंडिया टीम से बाहर हो गए थे और उन्होंने कुछ समय के लिए घरेलू क्रिकेट से भी दूरी बना ली थी। इसी वजह से उन्हें BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था। हालांकि किशन ने हार नहीं मानी और वापसी के लिए कड़ी मेहनत की।

2026 T20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन
ईशान किशन ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 54 रन की अहम पारी खेली। पूरे टूर्नामेंट में किशन ने कुल 317 रन बनाए।
सनराइजर्स हैदराबाद अपनी आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 28 मार्च को करेगी। टीम का पहला मुकाबला पिछली बार की चैंपियन RCB के खिलाफ होगा।

