ये हमारा पॉकेट डायनामाइट: ईशान को टीम इंडिया ने यही नाम दिया; इस सीरीज में उनके 3 मैच, 50 बॉल और 112 रन
Published:
3 min read

न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर टी20 में ईशान किशन ने 76 रन की पारी खेली थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट में अक्सर शुरुआती विकेट गिरते ही दबाव बन जाता है। खासकर टी20 में जब स्कोरबोर्ड पर 0/1 या 6/2 लिखा हो, यानी बगैर खाता खोले विकेट गिरे या 6 रन पर 2 विकेट हों तो ज्यादातर टीमें संभलकर खेलती हैं। लेकिन मौजूदा टी20 सीरीज में ईशान किशन ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है।
दरअसल, ईशान को टीम इंडिया में निकनेम 'पॉकेट डायनामाइट' दिया गया है। इसी सीरीज को देख लें तो उनके लिए शुरुआती झटके कोई संकट नहीं, बल्कि मैच का रुख पलटने का मौका है। कुछ जानकार तो ईशान को अभिषेक शर्मा से भी बेहतर बता रहे हैं।
ईशान इफेक्ट का पता नहीं था
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 की घरेलू सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा चुकी है। यह सीरीज काफी सुर्खियों में है। इसकी बड़ी वजह टीम का बड़ा स्कोर या चौके-छक्के नहीं, बल्कि इंडिया का पलटवार है। भारतीय टीम शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद दमदार अंदाज में वापसी करती दिख रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण सीरीज का दूसरा टी20 है।
209 के टारगेट का पीछा करते हुए टीम का स्कोर सिर्फ 6 रन पर 2 विकेट था। ऐसे में शायद बाकी टीमें डिफेंसिव हो जातीं, लेकिन ईशान ने बिल्कुल उलट किया। उन्होंने पावरप्ले खत्म होने तक खुद के 56 रन बना दिए। टीम का पावरप्ले स्कोर 75/2 रहा। यानी आंकड़े खुद गवाह देते हैं कि इस विकेटकीपर बैटर की क्लास क्या है।

19 बॉल में फिफ्टी
कहानी सिर्फ दूसरे T20I तक सीमित नहीं है। तीसरे टी20 में भी भारत की हालत खराब थी। पहली ही गेंद पर संजू सैमसन आउट हो गए। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को लगा कि उन्होंने अच्छी शुरुआत कर ली है, लेकिन उन्हें “ईशान इफेक्ट” का अंदाजा नहीं था।
ईशान ने अगले पावरप्ले में बाकी बची 19 गेंदों में से 13 बॉल खुद खेलीं। इससे एक तरफ युवा बल्लेबाज अभिषेक को संभलने का मौका मिला और दूसरी तरफ स्कोरबोर्ड तेजी से चलता रहा। नतीजा यह हुआ कि ईशान ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रन पूरे कर लिए।

अभिषेक और ईशान की बॉन्डिंग
अभिषेक ने भी ईशान का अच्छा साथ दिया। दोनों ने सिर्फ 3.1 ओवर में 53 रन जोड़ दिए। दोनों ने कुल 9 बाउंड्री लगाईं। किशन ने तीन चौके और दो छक्के लगाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने दो चौके और दो छक्के जड़े। इस तेज शुरुआत की बदौलत भारत ने टी20 इंटरनेशनल में अपनी ही सबसे तेज टीम फिफ्टी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

चौथा टी20 मैच आज
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 की घरेलू सीरीज में इंडिया ने 3-0 से कब्जा जमा लिया है। चौथा मुकाबला आज खेला जाएगा। यह मैच विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में होगा। सभी की नजरें ईशान और अभिषेक पर होंगी। देखते हैं दोनो में से आज कौन आगे निकलता है।

