रोहित के साथ 3 साल पुराना वीडियो देखकर हंसे ईशान: 200 रन की पारी के बाद टीम से 2 साल बाहर थे, फॉर्म में वापसी से बढ़ी वर्ल्ड कप की उम्मीद
Published:
2 min read

ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 215 रन बनाए। इसमें एक शतक शामिल था।
स्पोर्ट्स डेस्क. ईशान किशन एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह न सिर्फ उनका शानदार प्रदर्शन है, बल्कि रोहित शर्मा के साथउनका एक पुराना वायरल वीडियो भी है। इसे देखकर ईशान खुद हंसी नहीं रोक सके। इस मजेदार पल के साथ-साथ ईशान की जबरदस्त फॉर्म ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप की रेस में उनकी दावेदारी और मजबूत कर दी है।
2023 का किस्सा
किशन हाल ही में एक पुराने वायरल वीडियो को देखकर खिलखिलाते दिखे। यह वीडियो भारत और श्रीलंका के बीच 2023 की वनडे सीरीज का है। इसमें किशन, रोहित शर्मा और शुभमन गिल मौजूद थे। यह वीडियो पोस्ट-मैच बातचीत का था, लेकिन ईशान के मजाकिया जवाब ने इसे सोशल मीडिया पर फिर वायरल बना दिया।
बांग्लादेश के खिलाफ डबल सेंचुरी
दरअसल, दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ ईशान ने दोहरा शतक लगाया था। इसके बावजूद वह अगले कुछ मैचों में प्लेइंग 11 से बाहर रहे। इसी को लेकर वीडियो में रोहित शर्मा ने उनसे मजाक में पूछा था- 200 रन बनाने के बाद भी तुम तीन मैच क्यों नहीं खेले। इस पर ईशान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था- भैया ये तो आप बताओगे, कप्तान तो आप ही थे ना। यह सुनकर रोहित और गिल दोनों हंस पड़े थे।

2 साल बाद फिर वीडियो देखा
अब साल 2026 में, ईशान ने यह वीडियो यूट्यूब शो ‘2 Sloggers’ पर दोबारा देखा। वीडियो देखकर वह फिर से हंस पड़े। कहा- बात सिर्फ तीन मैच की नहीं थी। बल्कि मुझे करीब 2 साल टीम से बाहर रहना पड़ा। ईशान इस समय जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला टी20I शतक लगाया। तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें टी20 मैच में उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों पर 103 रन बनाए।हालांकि, सीरीज की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। पहले टी20 में वह सिर्फ 8 रन बना सके थे। लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने 32 गेंदों पर 76 रन बनाए। पूरी सीरीज में ईशान ने 4 पारियों में 215 रन बनाए। एवरेज 53.75 और स्ट्राइक रेट 231.18 रहा।


