क्या मैं फिर से पहले की तरह बैटिंग कर सकता हूं: ईशान ने कहा- अच्छी पारी खेलकर खुद को साबित करना चाहता था
Published:
3 min read

ईशान ने रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मैच में सिर्फ 32 गेंदों में 76 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई।
स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में खेली गई क्लास इनिंग के बाद ईशान किशन सिर्फ मैच के हीरो नहीं बने, बल्कि उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल सवालों के जवाब भी दिए। करीब 2 साल तक टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद ईशान ने बताया कि ये दौर उनके लिए कितना अहम रहा और कैसे इस समय ने उन्हें खुद को दोबारा पहचानने में मदद की।
ईशान ने रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मैच में सिर्फ 32 गेंदों में 76 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त भी बना ली। मैच के बाद ईशान ने इस पारी को लेकर पिछले करीब 785 दिनों में गुजरे हुए पलों की बात की।
देश के लिए खुद को साबित करना था
मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में ईशान ने कहा- टीम से बाहर रहने के दौरान वे खुद से सिर्फ एक ही सवाल पूछते थे। क्या मैं फिर से वही कर सकता हूं मैंने खुद से पूछा कि क्या मैं दोबारा वही पहले जैसे बैटिंग कर सकता हूं या नहीं। मेरे दिमाग में इसका जवाब साफ था। मुझे भरोसा था कि मैं अच्छी पारी खेल सकता हूं। अच्छे शॉट लगा सकता हूं। मुझे केवल एक मौके की तलाश थी, ताकि मैं खुद को प्रूफ कर सकूं। घरेलू क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ टीम में वापसी का जरिया नहीं था, बल्कि खुद के लिए एक चेलेंज था। ईशान ने आखिरी में कहा- ट्रॉफी जीतना उनके लिए बोनस था, लेकिन असली खुशी ये जानने में थी कि वे अब भी वही खिलाड़ी हैं, जो इंडिया को मैच जिता सकते हैं।

डोमेस्टिक क्रिकेट से फायदा मिला
BCCI ने पिछले कुछ सालों में यह क्लियर कर दिया है कि सभी खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। ईशान इसका सबसे अच्छा उदाहरण बनकर सामने आए हैं। घरेलू क्रिकेट ने उन्हें अलग गेम दिया, उनकी बैटिंग को धार दी और वही भरोसा वे अब इंटरनेशनल क्रिकेट में लेकर आए हैं। ईशान काफी समय तक टीम इंडिया से बाहर थे। उन्हें सीधे तौर पर बता दिया गया था कि अगर वापसी करनी है, तो घरेलू क्रिकेट में जाकर रन बनाने होंगे। ये आसान नहीं था, क्योंकि घरेलू क्रिकेट में लगातार खेलना, सफर करना और हर मैच में खुद को साबित करना बहुत मेहनत मांगता है। लेकिन ईशान ने इसी को अपना रास्ता बना लिया।

10 पारी में 517 रन बनाए
ईशान ने झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ईशान ने 10 पारियों में 517 रन बनाए। उनका औसत 57 से ज्यादा और स्ट्राइक रेट करीब 197 रहा। इसी दमदार प्रदर्शन के दम पर झारखंड ने पहली बार यह ट्रॉफी जीती। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ उन्होंने एक यादगार शतक भी लगाया।

तीसरा मैच 25 जनवरी को होगा
इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा मैच 25 जनवरी को खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा।

