ईशान-अभि से डरे पाकिस्तानी बॉलर: बद्रीनाथ बोले- हमारे बैटर्स खतरनाक; NZ सीरीज में अभिषेक ने 182 और ईशान ने 215 रन बनाए
Published:
3 min read

अभिषेक शर्मा ने इस सीरीज में कुल 182 रन बनाए। ईशान किशन ने 215 रन बनाए। इसमें एक शतक शामिल था।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर हमेशा चर्चा रहती है। इस बार चर्चा की वजह पाकिस्तान का बड़ा फैसला है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी मेंस टीम को भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने से रोक दिया है। भारत के पूर्व क्रिकेटर एस बद्रीनाथ ने इस फैसले पर तंज कसा।
उन्होंने कहा- कहीं ऐसा तो नहीं कि पाकिस्तानी बाॅलर भारत की खतरनाक बल्लेबाजी से डर रहे हों। इस वक्त ईशान किशन और अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज जबरदस्त फॉर्म में हैं।
बद्रीनाथ का रिएक्शन
बद्रीनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- क्या इस इंडिया के बैटिंग ऑर्डर का सामना करने का डर है? उन्होंने #INDvPAK और #T20WorldCup जैसे हैशटैग भी लगाए। उनका यह बयान तंजिया लहजे में था। हालांकि, हकीकत देखें तो इस तंज में भी सच्चाई नजर आ जाएगी।

पाकिस्तान का फैसला
रविवार देर रात पाकिस्तान ने ऐलान किया कि उसकी टीम टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज का मैच (15 फरवरी को कोलंबो में) नहीं खेलेगी। हालांकि सरकार ने टीम को बाकी टूर्नामेंट खेलने की इजाजत दे दी है।

भारत का टी20 में दबदबा
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। दोनों टीमें अब तक 8 बार आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 7 मैच भारत ने जीते हैं और पाकिस्तान सिर्फ 1 मैच जीत पाया है।पिछले साल एशिया कप में भी भारत ने पाकिस्तान को मात दी थी। फाइनल के अलावा 3 मैच की सीरीज में भी भारत ने शानदार खेल दिखाया।

हालिया सीरीज में 69 सिक्स
हाल ही में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस सीरीज के कुल पांच मैच में भारतीय बैटर्स ने 69 छक्के लगाए। ये किसी भी बायलेटरल सीरीज में एक रिकॉर्ड है।पहले टी20 में भारत ने 238 रन बनाए। दूसरे में154 रन का टारगेट महज 10 ओवर में पूरा कर दिया।तीसरे टी20 में 209 रन का लक्ष्य सिर्फ 15.3 ओवर में हासिल कर लिया। आखिरी मैच में भारत ने 271/5 का स्कोर बोर्ड पर लगा दिया।

अभिषेक-ईशान का कॉम्बो और जम्बो पैक
अभिषेक शर्मा ने इस सीरीज में कुल 182 रन बनाए। ईशान किशन ने 215 रन बनाए। इसमें एक शतक शामिल था।कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 242 रन बनाए। इनके अलावा, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल और शिवम दुबे भी कमाल के फॉर्म में नजर आए थे।

एशिया कप के हीरो तिलक
एशिया कप और बाकी मुकाबलों में भारत के यंग बैटर्स ने पाकिस्तानी अटैक के खिलाफ खूब रन बनाए। अभिषेक शर्मा और तिलक की एग्रेसिव बैटिंग ने सबका ध्यान खींचा। एशिया कप फाइनल में तिलक ने 147 रन के मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए नाबाद 69 रन बनाए। और दिखा दिया कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं।


