मिडिल ईस्ट टेंशन का IPL पर खतरा: विदेशी प्लेयर की फ्लाइट में देरी, BCCI हालात पर नजर रखे हुए
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव अब IPL 2026 इंडियन प्रीमियर लीग की तैयारियों पर असर डाल सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधिकारी लगातार इस मामले पर नजर रख रहे हैं। बोर्ड फिलहाल सिचुएशन का आकलन कर रहा है, ताकि IPL पर कोई असर न पड़े।
ट्रैवलिंग में देरी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद भी कई देश के खिलाड़ी अब तक अपने घर नहीं पहुंच पाए हैं। खासकर इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों की यात्रा प्रभावित हुई है। वजह यह है कि युद्ध के चलते दुबई और दोहा जैसे बड़े ट्रांजिट एयरपोर्ट पर कई उड़ानों पर पाबंदियां लगा दी गई हैं।
इसका असर आईपीएल 2026 पर भी पड़ सकता है। अगर हवाई सेवाएं इसी तरह प्रभावित रहीं तो कुछ विदेशी खिलाड़ियों के समय पर भारत पहुंचने में दिक्कत हो सकती है।

टीमों के सामने नई चुनौती
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कई टीम अधिकारियों का कहना है कि खिलाड़ियों को तय समय पर भारत लाना अब आसान नहीं रह गया है। वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों की घर वापसी में पहले ही काफी देरी हो चुकी है। ऐसे में उन्हें दोबारा भारत बुलाना एक बड़ी चुनौती है।
अधिकारी के मुताबिक, टेंशन की वजह से हवाई यात्रा महंगी हो गई है। कई फ्लाइट्स के रूट बदल दिए गए हैं। इसलिए टिकट के प्राइस भी काफी बढ़ गए हैं।
उम्मीद है प्लेयर जल्द आएंगे
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा - IPL अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा। पहले 20 मैच का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है, जबकि बाकी मैच का शेड्यूल चुनाव की डेट की घोषणा के बाद जारी किया जाएगा।
इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने कहा - मुझे उम्मीद है कि हमारे टीम के विदेशी प्लेयर समय पर टीम से जुड़ जाएंगे।।

पहले फेज में 20 मैच
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का शेड्यूल अनाउंस कर दिया गया है। टूर्नामेंट का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होगा। पहला मैच डिफेंडिंग चैम्पियन RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच है। पहले फेज में 20 मैच होंगे। पहला फेज 12 अप्रैल तक चलेगा।
10 टीम के बीच टक्कर
IPL 2026 में एक बार फिर 10 टीमों के बीच टाइटल की लड़ाई होगी। 16 दिसंबर, 2025 को सऊदी अरब के जेद्दाह और अबू धाबी में एक मिनी-ऑक्शन हुआ। सभी फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए कई खिलाड़ियों पर बोली लगाई।

RCB ने पिछला खिताब जीता
IPL 2025 का टाइटल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता था। फाइनल मैच 3 जून, 2025 को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। RCB ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया था। इस जीत के साथ, RCB ने 17 साल में पहली बार IPL ट्रॉफी जीती।
फाइनल में पहले बैटिंग करते हुए RCB ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए। विराट कोहली ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में सिर्फ़ 184 रन ही बना सकी और मैच हार गई।


