ईरान 2026 वर्ल्ड कप खेलेगा: FIFA ने कहा- फुटबॉल का काम लोगों को जोड़ना है, अलग करना नहीं; US से तनाव के चलते सस्पेंस था
Published:
2 min read

फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत गुरुवार, 11 जून 2026 को होने वाली है।
स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA के प्रेसिडेंट जियानी इंफैंटिनो ने साफ कर दिया है कि ईरान की टीम 2026 वर्ल्ड कप में खेलेगी। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बावजूद यह फैसला लिया गया है। वर्ल्ड कप अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में होने वाला है। हाल ही में ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव बढ़ा हुआ है, इसलिए लोगों को लग रहा था कि ईरान शायद इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा।
FIFA की मीटिंग में फैसला
इंफैंटिनो ने कनाडा के वैंकूवर में FIFA की मीटिंग के दौरान कहा- ईरान वर्ल्ड कप खेलेगा और अपने मैच अमेरिका में भी खेलेगा। फुटबॉल का काम लोगों को जोड़ना है, न कि अलग करना। उन्होंने कहा- दुनिया में पहले से ही बहुत समस्याएं हैं और कई लोग बांटने का काम करते हैं। ऐसे में फुटबॉल एक ऐसा जरिया है जो सबको साथ ला सकता है। इसलिए FIFA की जिम्मेदारी है कि वह लोगों को जोड़ने का काम करे।

पहले ईरान अमेरिका में नहीं खेलने वाला था
इससे पहले खबर आई थी कि ईरान अपनी टीम को अमेरिका नहीं भेजेगा। इसकी वजह दोनों देशों के बीच जंग के चलते सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं बताई जा रही थीं। मामला तब और चर्चा में आ गया जब ईरान ने FIFA की मीटिंग में अपने अधिकारी नहीं भेजे। खबरों के मुताबिक, ईरान फुटबॉल फेडरेशन के कुछ बड़े अधिकारी इस मीटिंग में आने वाले थे, लेकिन वे नहीं पहुंचे। ईरान की न्यूज एजेंसी ने कहा- उनके अधिकारियों को कनाडा में एंट्री नहीं दी गई और उन्हें एयरपोर्ट से ही वापस भेज दिया गया। बाद में कनाडा की विदेश मंत्री ने भी कहा कि उनकी एंट्री की अनुमति रद्द कर दी गई थी।


